मार्च 2021, जब मैं जिंदगी की पहली ट्रिप पर जयपुर आई थी. दोस्तों, मेरा नाम सौम्या त्रिपाठी है और मैं उत्तर प्रदेश के कानपुर से हूं. जयपुर 300 साल में प्रवेश कर रहा है और मैं जयपुर से जुड़ी अपनी कुछ रोचक यादें बताने जा रही हूं. जयपुर... शाही घराने, रजवाड़े, खाना-पीना और ऐसी-ऐसी इमारतें और हेरिटेज जिनमें छुपी हुई हैं सैकड़ों-हजारों कहानियां. साल 2021 में मैं अपने दोस्तों के साथ पहली ट्रिप पर आई, 3 दिन की ट्रिप काफी यादगार रही थी. मैंने यहां पर भ्रमण किया, शहर देखा और लौट गई अपने शहर कानपुर.
लेकिन पता नहीं क्यों मेरा मन यहां से नहीं जा पाया. कॉलेज खत्म हुआ इंटर्नशिप की और जॉब लगी नोएडा में. जहां शोर-शराबा, चहल-पहल तो काफी थी लेकिन मन को सुकून कम था. इसलिए जब भी दोस्तों संग प्लान बनता तो मैं बाबा खाटू श्याम के दर्शन के लिए आ जाती थी और जयपुर घूमते हुए निकल जाती. अक्टूबर 2023 में परिस्थितियां कुछ ऐसी हुई कि नौकरी छोड़नी पड़ी फिर मैं वापस कानपुर आ गई फिर मुझे मार्च 2024 में मौका मिला जयपुर में एक संस्था में नौकरी करने का.
इस दौरान मैंने जयपुर को हेरिटेज के रूप में नहीं बल्कि व्यक्तिगत तौर पर जाना. लोगों का रहन-सहन, खान-पान उत्तर प्रदेश से बिल्कुल अलग. ऑफिस से फुर्सत पाकर और सुकून की तलाश में मैं अब अक्सर शाम को गोविंद देव जी या काले हनुमान जी चली जाती हूं और जब जुबां को तृप्त करना होता है तो सेव टमाटर, लहसुन की चटनी के साथ रोटी का आनंद ही अलग है.
दीवाली पर शहर की अलग खूबसूरती देखी, रोशनी से सराबोर जयपुर की खूबसूरती में मानो चार चांद लग गए. घर गई तो कच्चे गोटे की साड़ियां और लक्ष्मी मिष्ठान भंडार की सेवैया मम्मी को खूब पसंद आई. जब मैं पहली बार टूरिस्ट के रूप में आई थी तो यहां कि कुछ गिनी-चुनीं ही जगह घूमी थी लेकिन इन 8 महीनों में मैंने जयपुर को बहुत करीब से जाना। मुझे मालूम चला कि परकोटा किसे कहते हैं.कढ़ी-कचौरी और लस्सी का तोड़ ही नहीं तो लोगों में उनकी संस्कृति और वेशभूषा आज भी जिंदा है. इसलिए जयपुर घूमने का प्लान बने तो समय लेकर जरूर आइए.