नई दिल्ली: महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला समेत केंद्रीय मंत्रियों, सांसदों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में दोनों महापुरुषों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने ‘Know Your Leader’ कार्यक्रम में देशभर से आए 500 से अधिक विद्यार्थियों को संबोधित किया.
उन्होंने युवाओं से महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, आदर्शों और जनसेवा से प्रेरणा लेने का आह्वान किया. बिरला ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए युवाओं को सत्य, अहिंसा, सादगी, अनुशासन और कर्तव्य की प्रबल भावना को अपनाना चाहिए.
बिरला ने महात्मा गांधी के सत्य, नैतिकता, अहिंसा और सत्याग्रह के विचारों को रेखांकित करते हुए कहा कि उनका जीवन आत्मनिरीक्षण, अनुशासन, दृढ़ता और उद्देश्य के प्रति प्रतिबद्धता की प्रेरणा देता है. वहीं लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, ईमानदारी, कर्तव्य भावना और दृढ़ निर्णय क्षमता का उल्लेख करते हुए उन्होंने ‘जय जवान, जय किसान’ के संदेश को याद किया.
लोकसभा अध्यक्ष ने युवाओं से निराशा और असफलताओं से प्रभावित हुए बिना अपने लक्ष्य के प्रति संकल्पित रहने तथा सामाजिक उत्तरदायित्व को अपनी प्राथमिकता में शामिल करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने ज्ञान, ऊर्जा और क्षमताओं का उपयोग देश के विकास और राष्ट्र निर्माण में करना चाहिए. कार्यक्रम में 36 चयनित युवा प्रतिभागियों ने गांधी और शास्त्री के जीवन, विचारों एवं योगदान पर अपने विचार भी रखे. इससे पहले ओम बिरला ने राजघाट और विजय घाट पहुंचकर महात्मा गांधी तथा लाल बहादुर शास्त्री की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित की.