मन की बात कार्यक्रम:  पीएम मोदी ने गर्मी में सावधान रहने की अपील की, बोले-देश में बहुत गर्मी हैं अपना ध्यान रखे

मन की बात कार्यक्रम:  पीएम मोदी ने गर्मी में सावधान रहने की अपील की, बोले-देश में बहुत गर्मी हैं अपना ध्यान रखे

नई​ दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'मन की बात' के 134वें संस्करण को संबोधित किया. पीएम मोदी ने कहा कि हमारे यहां गर्मी से लड़ने का तरीका कई बार रसोई में भी मिलता है. आपने भी देखा होगा कि जैसे-जैसे गर्मी बढ़ती है, वैसे-वैसे घर की रसोई का स्वाद, प्रकार बदल जाता है. कहीं मटके का पानी निकल आता है, कहीं दही जमने लगता है तो कहीं कच्चे आम उबलने लगते हैं और फिर शुरू होता है देसी पेय का दौर. 

देसी पेय से आप भी परिचित हैं. उत्तर भारत में आपको कई जगह मिलेगा आम पन्ना...पंजाब-हरियाणा जाने पर लस्सी मिल जाएगी, राजस्थान और गुजरात में छाछ जैसे हर खाने की साथी बन जाती है. बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश में सत्तू का शरबत... इनमें से ज्यादातर चीजें हमारी रसोई से निकली हैं... आप भी गर्मी के दौरान देसी पेयजलों का खूब आनंद लीजिए.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'मन की बात' के 134वें संस्करण में कहा कि गर्मी आते ही एक और चर्चा हर घर में शुरू हो जाती है और वो है आम. आम, आम चर्चा का विषय होता है. भारत में शायद ही कोई घर होगा जहां गर्मियों में आम की चर्चा न होती हो. हर इलाके का अपना आम, अपना स्वाद, अपनी खुशबू. महाराष्ट्र और कोंकण का हापुस, अल्फांसो. गुजरात का केसर. उत्तर प्रदेश का दशहरी और मेरी काशी का लंगड़ा.बिहार का जर्दा. 

चौसा, मालदा, हर नाम के साथ लोगों की यादें जुड़ी हुई हैं...जगह बदलती है, आम का रूप रंग और उसका स्वाद भी बदल जाता है. आम की ये यात्रा अब गांव से ग्लोबल मार्किट तक भी पहुंच रही है. आज मन की बात के माध्यम से मैं आम की पैदावार से जुड़े अपने किसान भाई-बहनों की प्रशंसा करता हूं. आप देश की पैदावार के लिए आम किसान नहीं बल्कि बहुत विशेष हैं. ऐसे ही छाए रहिए.