जयपुर: परिवहन विभाग ने मोटर वाहन निरीक्षकों की ड्यूटी व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए पारदर्शिता और प्रभावी प्रवर्तन को बढ़ावा देने के लिए नई रोटेशन नीति लागू कर दी है. परिवहन आयुक्त के निर्देशानुसार अब कोई भी एमवीआई किसी एक चेकिंग पॉइंट या एक ही सड़क पर लगातार पांच दिन से अधिक तैनात नहीं रहेगा. विभाग ने सभी क्षेत्रीय परिवहन अधिकारियों और जिला परिवहन अधिकारियों को इस संबंध में स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए अगस्त माह का ड्यूटी रोस्टर और रोटेशन प्लान तैयार कर शीघ्र मुख्यालय भेजने के लिए कहा है.
नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक पाँच दिन में एमवीआई की ड्यूटी का अनिवार्य रूप से रोटेशन किया जाएगा. यानी किसी भी मोटर वाहन निरीक्षक को लगातार एक ही स्थान पर चेकिंग की जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी. विभाग का मानना है कि इस व्यवस्था से प्रवर्तन कार्य अधिक निष्पक्ष, पारदर्शी और प्रभावी होगा, साथ ही विभिन्न मार्गों पर निगरानी भी मजबूत होगी.परिवहन आयुक्त की ओर से जारी निर्देशों में यह भी स्पष्ट किया गया है कि जिन जिलों या क्षेत्रों में सड़क अथवा चेकिंग पॉइंट की संख्या सीमित है और नियमित रोटेशन संभव नहीं है, वहां संबंधित एमवीआई से कार्यालयीन कार्य लिया जाएगा.
हालांकि ऐसी स्थिति में भी किसी भी निरीक्षक को एक ही सड़क या चेकिंग पॉइंट पर पाँच दिन से अधिक ड्यूटी नहीं कराई जाएगी.विभाग ने सभी आरटीओ और डीटीओ को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में उपलब्ध सड़कों, चेकिंग पॉइंट और एमवीआई की संख्या को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थित ड्यूटी रोस्टर तैयार करें. इसके साथ ही रोटेशन की पूरी योजना भी मुख्यालय को भेजी जाएगी, ताकि उसकी समीक्षा कर नई व्यवस्था का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके.
विभाग का उद्देश्य प्रवर्तन व्यवस्था को अधिक जवाबदेह बनाना और नियमित अंतराल पर ड्यूटी परिवर्तन के माध्यम से कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाना है. लंबे समय तक एक ही स्थान पर तैनाती से बचने के लिए यह कदम उठाया गया है, जिससे चेकिंग व्यवस्था में निष्पक्षता बनी रहे और विभिन्न मार्गों पर समान रूप से निगरानी की जा सके. नई रोटेशन व्यवस्था के लागू होने के बाद अब प्रदेशभर में एमवीआई की तैनाती निर्धारित अंतराल पर बदलेगी.
इससे प्रवर्तन गतिविधियों में संतुलन आएगा और अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी. परिवहन विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों से निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समय में अगस्त माह का ड्यूटी रोस्टर मुख्यालय को उपलब्ध कराने के लिए कहा है.