राजस्थान में अपराधियों की खैर नहीं ! कानून-व्यवस्था पर हाईलेवल मंथन, पुलिस मुख्यालय में मुख्यमंत्री लेंगे समीक्षा बैठक, देखिए ये रिपोर्ट

जयपुर: राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पुलिस मुख्यालय में प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण और उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक लेंगे. इस बैठक को राज्य में अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है. मुख्यमंत्री की इस समीक्षा बैठक में पुलिस मुख्यालय में तैनात पुलिस अधीक्षक स्तर और उससे ऊपर के सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे. इसके अलावा जयपुर पुलिस कमिश्नर भी बैठक में शामिल होंगे. वहीं प्रदेशभर के सभी रेंज आईजी, जोधपुर पुलिस कमिश्नर, सभी डीसीपी और जिला पुलिस अधीक्षक (SP) वर्चुअल माध्यम से इस बैठक से जुड़ेंगे.

इस तरह यह बैठक पूरे राज्य की पुलिस व्यवस्था को एक मंच पर लाकर व्यापक समीक्षा का अवसर प्रदान करेगी. बैठक में प्रदेश में बढ़ते अपराधों की स्थिति, गैंगस्टर गतिविधियों पर नियंत्रण, संगठित अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई और आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करने जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी. मुख्यमंत्री विशेष रूप से गैंगस्टरों और बदमाशों के खिलाफ चल रही कार्रवाइयों की समीक्षा करेंगे और आवश्यक दिशा-निर्देश भी देंगे.

इसके साथ ही “स्मार्ट पुलिसिंग” को बढ़ावा देने, तकनीक के बेहतर उपयोग, साइबर क्राइम से निपटने की रणनीति और पुलिस रिस्पॉन्स सिस्टम को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी मंथन होगा. पुलिस थानों की कार्यप्रणाली, लंबित मामलों के निस्तारण और फील्ड स्तर पर पुलिसिंग को मजबूत करने के लिए भी ठोस कदमों पर चर्चा की संभावना है. बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पुलिस अधिकारियों से सीधे फीडबैक भी लेंगे, ताकि जमीनी स्तर पर आ रही चुनौतियों को समझा जा सके और उनके समाधान के लिए ठोस रणनीति तैयार की जा सके.

इससे पुलिस महकमे में जवाबदेही और कार्यकुशलता बढ़ाने पर जोर रहेगा. मुख्यमंत्री के पुलिस मुख्यालय के इस पहले दौरे को प्रशासनिक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है. इससे स्पष्ट संकेत मिलते हैं कि राज्य सरकार कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर है और अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाने के लिए प्रतिबद्ध है. आने वाले समय में इस बैठक के निर्णयों का असर प्रदेश की पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण की दिशा में देखने को मिल सकता है.