जयपुर : 15 अगस्त से 15 नवम्बर के बीच पंचायत-निकाय चुनाव होंगे. कल CMO में उच्च स्तरीय मंथन के बाद आज रिपोर्ट को अंतिम रूप मिलेगा. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सहमति के बाद अंतिम रूप दिया जाएगा. सीएम की मंजूरी के बाद रिपोर्ट कल सोमवार को हाईकोर्ट में पेश की जाएगी.
महाधिवक्ता राजेन्द्र प्रसाद, मुख्य सचिव वी.श्रीनिवास, राज्य निर्वाचन आयोग व अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग (राजनीतिक) के प्रतिनिधि, मुख्यमंत्री के ACS अखिल अरोड़ा, स्वायत्त शासन सचिव रवि जैन, पंचायती राज के अधिकारियों ने शनिवार को पंचायत-निकाय चुनाव पर मंथन किया है.
चुनाव में देरी को लेकर हाईकोर्ट ने हाल ही में नाराजगी जाहिर की थी. साथ ही हाईकोर्ट ने सरकार को अवमानना कार्रवाई की चेतावनी दी थी. हाईकोर्ट में कल सोमवार को ओबीसी सर्वे की तारीख, आरक्षण लॉटरी, चुनाव की तारीख से संबंधित सूचना पेश करने की तैयारी को लेकर बैठक हुई.
बैठक के निर्णय से आज मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को अवगत कराया जाएगा. सूत्रों के अनुसार बैठक में ओबीसी आयोग को 31 जुलाई तक सर्वे पूरा करवाने को कहा. साथ ही 5 अगस्त तक रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंप देने के लिए कहा गया. रिपोर्ट के आधार पर 10 दिन में आरक्षण के लिए लॉटरी की प्रक्रिया पूरी कर एससी-एसटी, ओबीसी व महिलाओं के लिए आरक्षित वार्डों की सूचना राज्य निर्वाचन आयोग को सौंप देंगे.