प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल के पीएम से की बात, हर संभव मदद का दिया भरोसा, कहा- मुश्किल समय में नेपाल के साथ

प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल के पीएम से की बात, हर संभव मदद का दिया भरोसा, कहा- मुश्किल समय में नेपाल के साथ

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के पीएम से बात की है. पीएम मोदी ने हर संभव मदद का भरोसा दिया है. पीएम ने नेपाल के हालत पर संवेदना जताई है. तबाही से हुई मौतों पर दु:ख जताया है. पीएम मोदी ने कहा कि मुश्किल समय में हम नेपाल के साथ हैं. नेपाल को मानवीय मदद पर तैयार हैं. नेपाल के साथ एकजुटता के साथ हैं. हर संभव मदद के लिए भारत तैयार है. 

नेपाल की तिब्बत से लगती सीमा पर रसुवा में भीषण बाढ़ आ गई है. भीषण बाढ़ में जान-माल का भारी नुकसान हुआ है, बाढ़ में कई गांव बह गए हैं. बाढ़ का पानी अपने साथ बिजली परियोजनाओं और पुलों को भी बहा ले गया है. तिब्बत से नेपाल की ओर बहने वाली भोटेकोशी नदी में बाढ़ आई है.

142 भारतीय समेत 291 विदेशी नागरिकों के लापता:
नेपाल के कई जिलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है. नेपाल पर्यटन बोर्ड ने 142 भारतीय समेत 291 विदेशी नागरिकों के लापता होने की जानकारी दी है. बोर्ड की ओर से जारी सूची के मुताबिक 93 नेपाली नागरिक भी लापता हैं. मानसरोवर जा रहे 400 तीर्थयात्री लापता हैं. 93 नेपाली तीर्थयात्रियों में ज्यादातर भारतीय हैं.

नेपाल में भारतीय यात्रियों की तलाश तेज:
नेपाल में भारतीय यात्रियों की तलाश तेज हो गई है. 291 विदेशी नागरिकों के लापता होने से भारतीय दूतावास भी सक्रिय हो गया है. सम्राट टूर्स से 59 भारतीय यात्रियों के लापता होने की जानकारी मिली है. लीफ हॉलिडेज से 46 भारतीय यात्रियों के लापता होने की पुष्टि हुई है.

भारतीय दूतावास ने आपात सहायता के लिए किए जारी:
दोनों एजेंसियों से जुड़े 105 भारतीय यात्रियों की सूची सामने आई है. नेपाल पर्यटन बोर्ड ने सभी आंकड़ों के सत्यापन की प्रक्रिया शुरू की. टूर ऑपरेटर, गाइड और सुरक्षा एजेंसियों से जानकारी जुटाई जा रही है. लापता यात्रियों की राष्ट्रीयता और पहचान भी सत्यापित की जा रही है. आपात सहायता के लिए 1234 और 1144 नंबर जारी किए गए हैं.

384 यात्रियों की एजेंसीवार सूची आई सामने:
नेपाल बाढ़ में 384 यात्रियों की एजेंसीवार सूची सामने आई है. 105 भारतीय यात्रियों समेत विदेशी और नेपाली नागरिकों की स्थिति सत्यापनाधीन है. सम्राट टूर्स एंड ट्रैवल्स से जुड़े 71 यात्री लापता बताए गए हैं. इनमें 59 भारतीय और 12 नेपाली यात्री शामिल बताए गए हैं. काठमांडू हॉलिडे टूर्स एंड ट्रैवल्स से 17 यात्री लापता बताए हैं. इनमें एक ऑस्ट्रेलियाई, एक नीदरलैंड और 15 नेपाली यात्री बताए गए हैं. लीफ हॉलिडे से जुड़े 55 यात्री लापता सूची में शामिल बताए हैं. इनमें 46 भारतीय और नौ नेपाली यात्री शामिल बताए गए हैं. कैलाश जर्नी के 31 यात्रियों की स्थिति सत्यापनाधीन बताई गई है. ट्रेकर्स सोसाइटी के 92 यात्री भी लापता सूची में शामिल हैं.

नेपाल में कुदरत के कहर के बाद बिहार में अलर्ट जारी:
नेपाल में कुदरत के कहर के बाद बिहार में अलर्ट जारी किया गया है. केंद्र सरकार ने बिहार को लेकर अलर्ट जारी किया है. बिहार के 6 जिलों में सर्तकता बढ़ाते हुए हाई अलर्ट जारी किया गया है. हालात से निपटने के लिए NDRF की टीमें रवाना की गई हैं. गंडक बैराज की लगातार निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं.