पीएम नरेंद्र मोदी कल 4 जुलाई को रहेंगे राजस्थान और गुजरात दौरे पर, बालोतरा में विकास परियोजनाओं का करेंगे शिलान्यास और लोकार्पण

पीएम नरेंद्र मोदी कल 4 जुलाई को रहेंगे राजस्थान और गुजरात दौरे पर, बालोतरा में विकास परियोजनाओं का करेंगे शिलान्यास और लोकार्पण

जयपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल 4 जुलाई को राजस्थान और गुजरात दौरे पर रहेंगे.  प्रधानमंत्री बालोतरा में लगभग 1.06 लाख करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का  शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे. ये परियोजनाएं पेट्रोकेमिकल, शहरी परिवहन, रेलवे, सड़क, नवीकरणीय ऊर्जा और विद्युत पारेषण सहित अनेक क्षेत्रों से संबंधित है. प्रधानमंत्री बालोतरा के पचपदरा में देश के पहले ग्रीनफील्ड एकीकृत रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स को राष्ट्र को समर्पित करेंगे. जो देश के ऊर्जा और पेट्रोकेमिकल क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि होगी. 

एचपीसीएल और राजस्थान सरकार के संयुक्त उपक्रम के रूप में परियोजना विकसित है. इस 9 मिलियन मीट्रिक टन प्रतिवर्ष  क्षमता वाले ग्रीनफील्ड रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स की स्थापना 79,450 करोड़ रुपए से अधिक के निवेश से हुई. अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित इस कॉम्प्लेक्स में रिफाइनिंग और पेट्रोकेमिकल उत्पादन का एकीकृत ढांचा विकसित किया गया है. जिसकी पेट्रोकेमिकल उत्पादन क्षमता 2.4 एमएमटीपीए है. 

रिफाइनरी का नेल्सन कॉम्प्लेक्सिटी इंडेक्स 17.0 है और इसका पेट्रोकेमिकल उत्पादन अनुपात 26 प्रतिशत से अधिक है. जो दक्षता और सतत विकास के वैश्विक मानकों के अनुरूप है. प्रधानमंत्री जयपुर मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण का भी शिलान्यास करेंगे. जिसकी कुल लागत 13,000 करोड़ रुपये से अधिक है. 

दूसरे चरण के तहत प्रहलादपुरा से तोड़ी मोड़ तक 41 किलोमीटर लंबा उत्तर-दक्षिण मेट्रो कॉरिडोर विकसित किया जाएगा. जो 36 स्टेशनों के माध्यम से सीतापुरा और विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र (वीकेआई) के औद्योगिक व आवासीय क्षेत्रों को जोड़ेगा. यह कॉरिडोर कनेक्टिविटी देगा. सीतापुरा औद्योगिक क्षेत्र, वीकेआई, जयपुर हवाई अड्डा, टोंक रोड, एसएमएस अस्पताल, एसएमएस स्टेडियम, अंबाबाड़ी और विद्याधर नगर को कनेक्टिविटी देगा. मेट्रो परियोजना के पहले चरण के तहत 11.64 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर और 11 स्टेशन पहले से ही संचालित है.