प्री बजट कंसल्टेशन: CM नायब​ सिंह सैनी ने की CA के साथ परामर्श बैठक, कहा-आमजन की अपेक्षाओं पर खरा उतरना सरकार की प्राथमिकता  

गुरुग्राम: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को गुरुग्राम में चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA's) के साथ पूर्व बजट परामर्श (प्री बजट कंसल्टेशन) को लेकर बैठक की. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि विकसित हरियाणा में आमजन की अपेक्षाओं पर खरा उतरना सरकार की प्राथमिकता है. सरकार की ओर से तय प्राथमिकताओं का प्रभावी रूप से क्रियान्वयन हो इसके लिए सकारात्मक सुझावों के लिए सरकार के दरवाजे हमेशा खुले रहेंगे. 

सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि आगामी बजट की तैयारियों के लिए यह आवश्यक है कि हम समाज के सभी वर्गों के साथ संवाद करें ताकि हरियाणा के प्रत्येक परिवारजन की जरूरतों और सपनों को पूरा करने के लिए आवश्यक सकारात्मक प्रयास किए जा सकें.

इसी कड़ी में गुरुवार को गुरुग्राम में वित्त वर्ष 2025-26 के लिए चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA's) के साथ पूर्व बजट परामर्श बैठक (प्री बजट कंसल्टेशन) की और उनके सुझावों को ध्यानपूर्वक सुना. सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का जो संकल्प है, उसमें हरियाणा की महत्वपूर्ण भागीदारी रहेगी. हरियाणा के आगामी बजट के लिए  https://bamsharyana.nic.in पोर्टल के माध्यम से सेक्टर और सब सेक्टर श्रेणी में जाकर अपने सुझाव दिए जा सकते हैं.