हरित परिवहन को बढ़ावा... 'नया सफर योजना', पुराने वाहन स्क्रैप करने पर 100% टैक्स छूट, देखिए खास रिपोर्ट

जयपुरः राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में प्रदूषण नियंत्रण और स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में राजस्थान सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. राज्य सरकार ने ‘नया सफर योजना’ को मंजूरी देते हुए इसकी अधिसूचना जारी कर दी है. योजना के तहत एनसीआर क्षेत्र में पंजीकृत पात्र पुराने और प्रदूषणकारी वाहनों को स्क्रैप कर नए BS-6 अथवा इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने वाले वाहन मालिकों को मोटर वाहन कर में 100 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी. इसके साथ ही पात्र वाहनों पर रजिस्ट्रेशन फीस में भी पूरी छूट का प्रावधान किया गया है.

योजना के तहत केवल नए वाहन खरीदने पर ही राहत नहीं मिलेगी, बल्कि पुराने वाहनों पर लंबित वित्तीय देनदारियों से भी वाहन मालिकों को राहत मिलेगी. सरकार ने स्पष्ट किया है कि पात्र वाहनों पर बकाया मोटर व्हीकल टैक्स, वन टाइम टैक्स, पेनल्टी तथा ब्याज भी पूरी तरह माफ किया जाएगा. इससे वर्षों से टैक्स बकाया होने के कारण वाहन नहीं बदल पाने वाले हजारों वाहन मालिकों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है.सरकार का मानना है कि एनसीआर क्षेत्र में पुराने और अधिक प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे वायु गुणवत्ता प्रभावित होती है. इसी को ध्यान में रखते हुए ‘नया सफर योजना’ तैयार की गई है, ताकि पुराने वाहनों को व्यवस्थित तरीके से स्क्रैप कर आधुनिक, कम प्रदूषण वाले और पर्यावरण अनुकूल वाहनों को बढ़ावा दिया जा सके.योजना का लाभ केवल उन वाहनों को मिलेगा जो अधिसूचना में निर्धारित पात्रता की शर्तों को पूरा करते हैं और जिन्हें अधिकृत वाहन स्क्रैपिंग केंद्रों के माध्यम से स्क्रैप किया जाएगा. इसके बाद वाहन मालिक नया BS-6 मानक वाला पेट्रोल, डीजल, सीएनजी वाहन अथवा इलेक्ट्रिक वाहन खरीदकर कर एवं शुल्क में निर्धारित छूट का लाभ प्राप्त कर सकेंगे.      

परिवहन विभाग का मानना है कि इस पहल से एक ओर एनसीआर क्षेत्र में प्रदूषणकारी वाहनों की संख्या कम होगी, वहीं दूसरी ओर सड़क सुरक्षा और स्वच्छ परिवहन व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी. नई तकनीक वाले वाहनों को प्रोत्साहन मिलने से ईंधन दक्षता बढ़ेगी और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को भी गति मिलेगी.विशेषज्ञों का कहना है कि टैक्स, पेनल्टी और ब्याज की पूर्ण माफी के साथ रजिस्ट्रेशन फीस में छूट जैसे प्रावधान इस योजना को बेहद आकर्षक बनाते हैं. इससे बड़ी संख्या में वाहन मालिक पुराने वाहनों को हटाकर नए पर्यावरण अनुकूल वाहनों की ओर रुख कर सकते हैं.राजस्थान सरकार की ‘नया सफर योजना’ को एनसीआर क्षेत्र में स्वच्छ और टिकाऊ परिवहन व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है. योजना से न केवल वाहन मालिकों को आर्थिक राहत मिलेगी, बल्कि प्रदूषण नियंत्रण और हरित परिवहन को भी नया बल मिलेगा.