पीएम स्वनिधि योजना में राजस्थान का देशभर में डंका! ऋण वितरण में हासिल किया तीसरा स्थान, दिल्ली में मिला राष्ट्रीय पुरस्कार; 2.48 लाख से अधिक रेहड़ी-पटरी संचालकों को मिला लाभ

जयपुर: शहरी पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में राजस्थान ने देशभर में शानदार प्रदर्शन किया है. प्रधानमंत्री स्वनिधि (PM SVANidhi) योजना के तहत ऋण वितरण और अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले राज्यों की सूची में राजस्थान ने तीसरा स्थान हासिल किया है. प्रदेश की इस उपलब्धि पर दिल्ली में आयोजित समारोह में राजस्थान को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया.

दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने राजस्थान को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया. समारोह में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहे. राजस्थान की ओर से राज्य मिशन निदेशक प्रतीक जुईकर ने पुरस्कार ग्रहण किया.

2.48 लाख से अधिक पथ विक्रेताओं को मिला आर्थिक संबल:
राजस्थान में पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से अब तक 2.48 लाख से अधिक रेहड़ी-पटरी संचालकों को लाभ पहुंचाया जा चुका है. योजना के तहत प्रदेश में 3.30 लाख ऋणों के माध्यम से कुल 482.92 करोड़ रुपए की राशि वितरित की गई है. इस आर्थिक सहायता से छोटे व्यापारियों और पथ विक्रेताओं को अपना कारोबार आगे बढ़ाने में मदद मिल रही है.

बिना गारंटी ऋण से मजबूत हो रहे छोटे कारोबारी:
पीएम स्वनिधि योजना का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में रेहड़ी-पटरी लगाकर आजीविका चलाने वाले लोगों को बिना गारंटी ऋण उपलब्ध कराकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है. इस योजना से छोटे दुकानदारों, ठेला संचालकों और अन्य पथ विक्रेताओं को कारोबार के लिए पूंजी मिल रही है. 

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में बड़ी उपलब्धि:
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान ने पीएम स्वनिधि योजना के क्रियान्वयन में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है. ऋण वितरण के मामले में देश के शीर्ष तीन राज्यों में जगह बनाना प्रदेश की बेहतर कार्यप्रणाली और शहरी पथ विक्रेताओं तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के प्रयासों को दर्शाता है.