जयपुरः जयपुर की 22 पंचायत समितियों के परिणाम सामने आ रहे है. 386 वार्डों मे से 383 सीटों का परिणाम आया है. कांग्रेस ने 216 सीटों पर कब्जा किया है. वहीं बीजेपी को 87 और RLP को 60 सीटें मिली है. निर्दलीयों ने भी 20 सीट जीत कर अपना दम दिखाया है. फिलहाल तीन सीटों का परिणाम नहीं आया है. EVM में खराबी के चलते परिणाम रोका गया है. चौमूं, दूदू और शाहपुरा के एक एक वार्ड का परिणाम रोका गया है.
जिला परिषद चुनाव परिणामों में कांग्रेस को बहुमत मिला है. अभी तक 57 में से 34 सीटों पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की है. वहीं भाजपा ने 10 और RLP ने 2 सीटों पर जीत दर्ज की है. फिलहाल 11 सीटों का परिणाम आना बाकी है.
कांग्रेस के प्रदेश महासचिव मोहन डागर चुनाव हारे:
जयपुर जिला परिषद सदस्य के चुनाव में कांग्रेस प्रदेश महासचिव मोहन डागर को हार का सामना करना पड़ा है. वहीं सीकर में कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुनीता गठाला ने जीत दर्ज कर पार्टी को राहत दी है.
यूथ कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष सूरा ने भी चुनाव में जीत हासिल की है. उन्होंने भाजपा और आरएलपी के समर्थन से चुनाव लड़ रहे पूर्व विधायक अशोक तंवर को शिकस्त दी. इस जीत को क्षेत्र की राजनीति में महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
सीकर में मंत्री झाबर सिंह खर्रा के परिवार को झटका:
सीकर जिले में नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा के परिवार को पंचायत चुनाव में बड़ा झटका लगा है. उनके बेटे अजय सिंह खर्रा चुनाव हार गए हैं. इसके साथ ही मंत्री की धर्मपत्नी को भी हार का सामना करना पड़ा है.
चूरू में पराक्रम राठौड़ की बड़ी जीत, पत्नी भी विजयी:
चूरू जिले में भाजपा के पराक्रम राठौड़ ने जिला परिषद के वार्ड संख्या 39 से जीत दर्ज की है. उन्होंने 7,633 वोटों के अंतर से चुनाव जीता. खास बात यह रही कि उनकी पत्नी कनिका सिंह राठौड़ ने भी चुनाव में जीत हासिल की. इस तरह राठौड़ परिवार ने चुनाव में दोहरी सफलता दर्ज की.
बीकानेर में डूडी परिवार की बहू निकिता की जीत:
बीकानेर जिला परिषद चुनाव में पूर्व कांग्रेस नेता स्वर्गीय रामेश्वर डूडी और विधायक सुशीला डूडी की पुत्रवधू निकिता डूडी ने शानदार जीत दर्ज की है. निकिता ने करीब 2,700 मतों के अंतर से चुनाव जीत गई है.
झुंझुनूं में पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी के परिवार को हार:
झुंझुनूं जिले की गुढ़ागौड़जी पंचायत समिति के वार्ड संख्या 2 में पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी के परिवार को हार का सामना करना पड़ा है. यहां भाजपा की भंवरी देवी 91 वोटों से चुनाव हार गईं. कांग्रेस की सावित्री देवी ने जीत दर्ज की है.