यूथ गेम्स की घोषणा दो-दो बार... लेकिन आयोजन अब तक नहीं, अशोक गहलोत ने उठाए सवाल, देखिए खास रिपोर्ट

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सोशल मीडिया हैंडल्स पर आज वीडियो सीरीज़ "बजट फाइल्स" का दूसरा एपिसोड जारी किया गया. इसमें भाजपा सरकार की बजट घोषणा "खेलो राजस्थान यूथ गेम्स" की हकीकत सरकार के अपने बजट दस्तावेज़ों और सार्वजनिक खबरों के आधार पर रखी गई है. एपिसोड जारी होने के साथ गहलोत ने कहा कि भाजपा सरकार ने इस घोषणा को दो बजट में दोहराया, पर खिलाड़ियों को मैदान अब तक नहीं मिला.
विस्तार में

जयपुरः पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सोशल मीडिया हैंडल्स पर आज वीडियो सीरीज़ "बजट फाइल्स" का दूसरा एपिसोड जारी किया गया. इसमें भाजपा सरकार की बजट घोषणा "खेलो राजस्थान यूथ गेम्स" की हकीकत सरकार के अपने बजट दस्तावेज़ों और सार्वजनिक खबरों के आधार पर रखी गई है. एपिसोड जारी होने के साथ गहलोत ने कहा कि भाजपा सरकार ने इस घोषणा को दो बजट में दोहराया, पर खिलाड़ियों को मैदान अब तक नहीं मिला. 

इंतजार शास्त्र के बाद बजट फाइल्स के माध्यम से सरकार की बजट घोषणाओं का मुद्दा उठाते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आज दूसरा एपिसोड जारी करते हुए खेलों राजस्थान यूथ गेम्स को लेकर सरकार से सवाल किए हैं. अशोक गहलोत ने आरोप लगाया है कि सरकार इन खेलों के लिए हर बजट में सिर्फ घोषणा करती है, लेकिन आयोजन आज तक नहीं हुआ.

पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने साधा निशाना
जुलाई 2024 के बजट भाषण पैरा 66 का उल्लेख किया
इस पैरा में खेलो इंडिया यूथ गेम्स" की तर्ज पर ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर
प्रतिवर्ष "खेलो राजस्थान यूथ गेम्स" के आयोजन की घोषणा की गई
हर साल 50 करोड़ रुपये खर्च करने की बात कही गई.
फरवरी 2026 के बजट भाषण पैरा 79 में यही घोषणा फिर दोहराई गई
इस बार ग्राम पंचायत स्तर को भी जोड़कर, और फिर 50 करोड़ रुपये का प्रावधान.
गहलोत ने कहा कि दो बजट में कुल 100 करोड़ रुपये की घोषणा की गई
गहलोत ने कहा - आयोजन अब तक नहीं हुआ, जबकि खिलाड़ी दो साल से इंतज़ार कर रहे हैं.

पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि भाजपा सरकार घोषणा करने में कभी देर नहीं करती, पर खेल कराने में दो साल चार महीने लगा दिए. हमारी सरकार के दौरान राजीव गांधी ग्रामीण एवं शहरी ओलंपिक में 50 लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया था. प्रदेश के खिलाड़ी मैदान में उतरने को तैयार थे, सरकार कागज़ों में उलझी रही. एक ही घोषणा दो-दो बार करके बजट की शोभा बढ़ाई गई, पर मैदान सूना रहा. खिलाड़ियों के साथ यह मज़ाक नहीं तो और क्या है? घोषणा बजट में हुई, खेल का मैदान तैयार नहीं हुआ. यही भाजपा सरकार की सच्चाई है.    

अशोक गहलोत ने सरकार से तीन सवाल किए हैं जुलाई 2024 में घोषित 50 करोड़ रुपये में से अब तक कितना खर्च हुआ, और किस पर? हर साल आयोजन की घोषणा के बाद भी पहले साल का आयोजन अब तक क्यों नहीं हो सका? जो खिलाड़ी दो साल चार महीने इंतज़ार करते रहे, उनके इस नुकसान का जवाब कौन देगा?