नई दिल्ली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा रद्द किया गया. खराब मौसम और तेज बारिश के चलते राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा रद्द हुआ. राहुल गांधी ने उत्तराखंड दौरा रद्द होने की जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए राहुल गांधी ने लिखा-'उत्तराखंड के मेरे प्यारे भाइयों और बहनों, आज मैं आप सबसे मिलना चाहता था, आपके बीच बैठकर आपकी बातें सुनना चाहता था.
आपके सुख-दुख, आपकी आशाओं और आपकी चिंताओं को समझना चाहता था. दुर्भाग्य से, मौसम की गंभीर खराबी के कारण ऐसा संभव नहीं हो पाया. आज सुबह मैं पंतनगर पहुंच गया था, वहां से हमें हेलिकॉप्टर द्वारा अल्मोड़ा में जनसभा के लिए जाना था. लेकिन मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए पायलट ने उड़ान भरने से साफ़ इनकार कर दिया. मुझे आपसे बहुत सी बातें करनी थीं - उत्तराखंड की वर्तमान स्थिति पर, प्रदेश के आर्थिक और सामाजिक मुद्दों पर, राज्य और आपके भविष्य पर, और उन चुनौतियों पर जिनका सामना आज उत्तराखंड कर रहा है.
पौड़ी गढ़वाल में पूर्व सैनिकों के साथ भी एक महत्वपूर्ण मुलाकात और बैठक निर्धारित थी. साथ ही कोटद्वार में दीपक के जिम जाने का भी कार्यक्रम था. प्रकृति के आगे हम सभी विनम्र हैं और सहयात्रियों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जा सकता. कई बार परिस्थितियां हमारी इच्छा के अनुरूप नहीं होतीं. लेकिन इससे मिलने की इच्छा और आपसे जुड़ाव कम नहीं होता. मैं आपसे वादा करता हूं कि बहुत जल्द फिर उत्तराखंड आऊंगा. तब हम जल्दबाज़ी में नहीं, बल्कि पूरा समय निकालकर मिलेंगे, बात करेंगे, आपके विचार सुनेंगे और मिलकर प्रदेश के बेहतर भविष्य की दिशा में चर्चा करेंगे. जल्द ही मुलाकात होगी.