राजस्थान कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग की कार्यकारिणी का विस्तार, 29 पदाधिकारियों को मिली जिम्मेदारी! देखिए खास रिपोर्ट

जयपुरः राजस्थान कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग में संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए प्रदेश कार्यकारिणी का विस्तार किया गया है. कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी की अनुशंसा पर प्रदेश अध्यक्ष एमडी चोपदार ने कार्यकारिणी में करीब 29 नए पदाधिकारियों को शामिल किया है.

कार्यकारिणी विस्तार में सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन के साथ-साथ महिला प्रतिनिधित्व पर भी विशेष ध्यान दिया गया है. विभाग में महिलाओं को भी अवसर देते हुए उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जिससे संगठन में उनकी भागीदारी और भूमिका को मजबूती मिलेगी. कार्यकारिणी विस्तार का उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर अधिक प्रभावी बनाना और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार करना है. नए पदाधिकारियों के जुड़ने से विभाग की गतिविधियों को और गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है. जयपुर के राजू खान को विस्तारित कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष बनाया गया है.       

सूत्रों के अनुसार, प्रदेश कार्यकारिणी के विस्तार के बाद अब जिला स्तर पर भी बड़े बदलावों की तैयारी चल रही है. आने वाले दिनों में 6 से 7 जिला अध्यक्षों को बदले जाने की संभावना जताई जा रही है. इसके अलावा कई अन्य महत्वपूर्ण नियुक्तियों और जिम्मेदारियों की घोषणा भी जल्द हो सकती है. नई कार्यकारिणी की घोषणा के बाद संगठन के कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और इसे आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.