जयपुरः मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने शनिवार को शासन सचिवालय में आयोजित बैठक में राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा 21 जून 2026 को आयोजित की जाने वाली NEET UG-2026 परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि परीक्षा का निष्पक्ष, पारदर्शी और सुरक्षित संचालन राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने सभी संबंधित विभागों एवं जिला प्रशासन को समन्वय के साथ कार्य करते हुए परीक्षा प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से पूरी कराने के निर्देश दिए.
मुख्य सचिव ने सचिवालय में बैठक लेकर कहा कि NEET जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा लाखों विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ी हुई है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी. उन्होंने संवेदनशील परीक्षा केंद्रों और जिलों की विशेष निगरानी करने, पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा परीक्षा केंद्रों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए.
ये दिए निर्देश
उन्होंने सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर लगातार निगरानी रखते हुए भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा.
मुख्य सचिव ने जिला कलेक्टर्स और पुलिस अधीक्षकों को परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण करने, परीक्षा दिवस के लिए ट्रैफिक व भीड़ प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने और सभी परीक्षा केंद्रों पर निर्बाध विद्युत और पेयजल आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए.
उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर जैमर, सीसीटीवी निगरानी एवं सुरक्षा प्रोटोकॉल की प्रभावी पालना सुनिश्चित की जाए.
उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह व्यवस्थित रहे तथा बायोमेट्रिक सत्यापन, पहचान जांच और प्रतिबंधित वस्तुओं की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए.
मुख्य सचिव ने कहा कि किसी भी प्रकार की नकल, प्रतिरूपण या अनुचित गतिविधि के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाए और आवश्यकतानुसार त्वरित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.
बैठक में एनटीए महानिदेशक/ डायरेक्टर जनरल अभिषेक सिंह ने बताया कि राज्य में 27 जिलों के 611 परीक्षा केंद्रों पर लगभग 2.09 लाख परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे.
परीक्षा का आयोजन 21 जून 2026 को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक किया जाएगा. बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि केंद्र अधीक्षकों, सिटी को-ऑर्डिनेटर्स एवं जिला स्तरीय अधिकारियों के बीच संस्थागत समन्वय को और मजबूत किया जा रहा है.
परीक्षा सामग्री और OMR शीट्स के सुरक्षित परिवहन और संरक्षण हेतु भी विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी.
मुख्य सचिव ने चिकित्सा विभाग को परीक्षा दिवस पर जरूरी चिकित्सा सहायता और एम्बुलेंस व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. वहीं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग को साइबर निगरानी एवं तकनीकी समन्वय, ऊर्जा विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति और सूचना, जनसम्पर्क विभाग को तथ्यात्मक और समयबद्ध सूचना प्रसारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
गौरतलब है कि केंद्र सरकार और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की ओर से परीक्षा की सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकारों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं. इसी कड़ी में राज्य स्तर एवं जिला स्तर पर समन्वय समितियों को सक्रिय कर परीक्षा संचालन की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है.