अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में राजस्थान की बड़ी उपलब्धि, नवीकरणीय ऊर्जा राज्य मूल्यांकन तंत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान

जयपुर: अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में राजस्थान ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है. नवीकरणीय ऊर्जा राज्य मूल्यांकन तंत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर राष्ट्रीय सम्मान मिलेगा. उपराष्ट्रपति सी.पी.राधाकृष्णन कल भारत अक्षय ऊर्जा समिट के समापन सत्र में सम्मानित करेंगे.

ऊर्जा राज्यमंत्री हीरालाल नागर, RRECL CMD रोहित गुप्ता ये अवार्ड ग्रहण करेंगे. आपको बता दें कि राज्यों का यह मूल्यांकन नवीकरणीय ऊर्जा विकास, नीतिगत, नियामकीय व्यवस्था, ग्रिड की तैयारी, डिस्कॉम के प्रदर्शन, निवेश के अनुकूल वातावरण सहित विभिन्न महत्वपूर्ण मानकों के आधार पर किया गया है. 

इस मूल्यांकन का उद्देश्य राज्यों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को प्रोत्साहित करना और इसके साथ ही नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यप्रणालियों को बढ़ावा देना है. इस उपलब्धि को लेकर ऊर्जा मंत्री नागर ने कहा कि राज्य सरकार काम कर रही है. सीएम भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में अक्षय ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य हो रहे हैं.

राजस्थान को मिलने जा रहा यह सम्मान सरकार के सतत प्रयासों एवं प्रभावी पहलों का परिणाम है. प्रदेश में अब तक 51.6 गीगावाट अक्षय ऊर्जा क्षमता तथा 45 गीगावाट सौर ऊर्जा क्षमता स्थापित हो चुकी है. राजस्थान अक्षय ऊर्जा उत्पादन के साथ सौर ऊर्जा क्षमता व पीएम-कुसुम योजना में देश में प्रथम स्थान पर है.