राजस्थान में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर, कई संभागों में बारिश का अलर्ट जारी

जयपुर : राजस्थान में चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ का असर देखने को मिल रहा है. कई संभागों में बारिश का अलर्ट है. जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा और उदयपुर संभाग में मौसम बदलेगा. 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी, बारिश की संभावना है.

जयपुर और भरतपुर संभाग के उत्तरी हिस्सों में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि का अलर्ट है. राजस्थान में अगले 24 घंटे में 3 से 5 डिग्री तक अधिकतम तापमान गिर सकता है. 30 अक्टूबर को भी पूर्वी राजस्थान के कई संभागों में बारिश का दौर रहने की संभावना है.

जोधपुर और बीकानेर संभाग के पूर्वी हिस्सों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश के आसार हैं. 31 अक्टूबर को पूर्वी राजस्थान में बारिश की संभावना है. 1 नवंबर से अधिकांश इलाकों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है.

मौसम विभाग की चेतावनी: खराब मौसम में पेड़ों के नीचे शरण न लें:
बता दें कि राजस्थान के 20 से अधिक जिलों में मौसम विभाग का येलो अलर्ट है. जयपुर, अलवर, दौसा, भरतपुर सहित कई जिलों में मौसम बदल सकता है. मेघगर्जन के साथ अचानक 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. कई जिलों में वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. सीकर, झुंझुनूं, चूरू और नागौर के कुछ इलाकों में भी मौसम का असर है. अगले 3 घंटो के लिए मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी किया है. मौसम विभाग ने चेतावनी देते हुए कहा कि खराब मौसम में पेड़ों के नीचे शरण न लें.