जैसलमेर: सीमावर्ती जिले जैसलमेर में एक बार फिर देश की रक्षा और सुरक्षा से जुड़े अहम कार्यक्रम की तैयारियां शुरू हो गई हैं. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का 2 नवंबर को जैसलमेर दौरा प्रस्तावित है. इस दौरान 3 नवंबर को शहर के एक निजी होटल में संसदीय रक्षा समिति की बैठक आयोजित होने की जानकारी सामने आई है.
हालांकि, दौरे और बैठक का आधिकारिक कार्यक्रम अभी जारी नहीं हुआ है. प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 2 नवंबर की शाम करीब 5 बजे विशेष विमान से जैसलमेर पहुंच सकते हैं. यहां से वे सीधे आर्मी कैंट जाएंगे. इसके अगले दिन 3 नवंबर को संसदीय रक्षा समिति की बैठक में शामिल होंगे. बैठक के बाद दोपहर में विशेष विमान से दिल्ली लौटने का कार्यक्रम प्रस्तावित बताया जा रहा है.
राजनीतिक दलों के सांसदों के शामिल होने की संभावना:
संसदीय रक्षा समिति की इस बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के सांसदों के शामिल होने की संभावना है. सुप्रिया सुले, पवन खेड़ा और राघव चड्ढा के नाम भी संभावित प्रतिभागियों के रूप में चर्चा में हैं. इसके अलावा समिति के अन्य सदस्य, रक्षा मंत्रालय के अधिकारी और सेना के वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में शामिल हो सकते हैं. हालांकि, इन नेताओं की भागीदारी और बैठक के एजेंडे की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है.
प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क:
रक्षा मंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं. एयरपोर्ट, आर्मी कैंट और बैठक स्थल पर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां की जा रही हैं. जिला प्रशासन, पुलिस और संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाओं का जायजा ले रही हैं. दौरे का विस्तृत कार्यक्रम सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिए जाने की संभावना है.