नई दिल्ली: मशहूर वेब सीरीज ‘आश्रम’ के सीजन-4 की बॉलीवुड अभिनेता बॉबी देओल ने शूटिंग शुरू कर दी है. मेकर्स ने 22 अगस्त को सोशल मीडिया के जरिए इस बात की पुष्टि की. प्रकाश झा प्रोडक्शंस ने सोशल मीडिया अकाउंट इंस्टाग्राम पर एक फोटो पोस्ट की. इसमें पूजा की जगह पर रखा एक क्लैपरबोर्ड दिख रहा है, जिस पर ‘आश्रम 4’ लिखा हुआ है. मेकर्स ने पोस्ट कर लिखा, ‘एक और आरंभ… आश्रम के नए चैप्टर में आपका स्वागत है. जपनाम… ‘आश्रम 4′ की शूटिंग शुरू.’
अभिनेता बॉबी देओल इस शो के नए सीजन में एक बार फिर ‘बाबा निराला’ के किरदार में दिखाई देंगे. वेब सीरीज ‘आश्रम’ के सीजन 4 में अदिति पोहनकर पम्मी और चंदन रॉय सान्याल भोपा स्वामी के किरदार में दिखाई देंगे. साथ ही, दर्शन कुमार, अनुप्रिया गोयनका, ईशा गुप्ता, अध्ययन सुमन और त्रिधा चौधरी भी पिछले सीजन्स वाले किरदारों में लौटेंगे. ‘आश्रम 4’ पर अपडेट मिलने पर दर्शक रोमांचित हो रहे हैं.
गौरतलब है कि प्रकाश झा के डायरेक्शन में बनी ‘आश्रम’ वेब सीरीज के अब तक तीन सीजन रिलीज हो चुके हैं. ड्रामा का पहला सीजन 28 अगस्त 2020 को एमएक्स प्लेयर पर प्रीमियर हुआ था. इसके बाद, दूसरा सीजन आया जो 11 नवंबर 2020 को दर्शकों तक पहुंचा. ‘आश्रम’ का तीसरा सीजन जून 2022 में आया था.