रींगस: सीकर के खाटूश्यामजी में हारे के सहारे बाबा श्याम के लक्खी मेले का आज तीसरा दिन है. लखदातार का दीदार करने देशभर से श्रद्धा का सैलाब उमड़ा. बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक हारे के सहारे की मूर्त की एक झलक पाने की होड़ मची. बाबा श्याम का मनमोहक श्रृंगार हुआ. बाबा का सफेद-गुलाबी रंग के सुगंधित फूलों से श्रृंगार किया. भक्त मेला डायवर्जन प्रवेश द्वार से मंदिर की ओर बढ़ रहे है. श्याम के अनन्य भक्त अपने आराध्य देव श्याम सरकार के दीदार कर मनौती मांग रहे.
बाबा श्याम का फाल्गुनी मेला परवान पर चढ़ा. श्रद्धालु लाइनों के पास में सतरंगी निशान लेकर खाटूधाम जा रहे है. दिल्ली, हरियाणा, नारनौल से पैदल चलकर रेलवे लाइन के सहारे श्रद्धालु खाटूश्यामजी पहुंचते है. भक्तों की सेवा के लिए रेलवे लाइन के पास में लगे भंडारों में भक्तों की मान मनुहार हो रही है. 28 फरवरी तक बाबा श्याम का लक्खी मेला चलेगा.
आपको बता दें कि रींगस से खाटूश्यामजी तक श्याम पदयात्रियों के लिए कालीन बिछाया गया. श्री श्याम मंदिर कमेटी ने 17 किलोमीटर की दूरी में कालीन बिछाया. नंगे पांव पदयात्रा करने वाले भक्तों को राहत मिली. सर्दी-गर्मी और रास्ते में फैले कंकड़ और कांटों से बचाने के लिए कालीन बिछाया गया. श्याम भक्तों ने कहा कि खाटूश्यामजी मेले की शानदार व्यवस्था है. श्याम मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेंद्र सिंह ने जानकारी दी.