उज्जैनः उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में सावन के तीसरे सोमवार पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे. वर्ष में सिर्फ एक बार खुलने वाले नागचंद्रेश्वर मंदिर के दर्शन के लिए भी भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी. इसी दौरान मंदिर परिसर के पास हरसिद्धि मंदिर के सामने बैरिकेडिंग वाले इलाके में भीड़ का दबाव अचानक बढ़ गया, जिससे भगदड़ जैसे हालात पैदा हो गए.
सावन के तीसरे सोमवार पर भगवान महाकाल के साथ नागचंद्रेश्वर मंदिर के विशेष दर्शन को लेकर सुबह से ही मंदिर क्षेत्र में भारी भीड़ बनी हुई थी. जानकारी के अनुसार अब तक करीब 5.50 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं. नागचंद्रेश्वर मंदिर के कपाट साल में सिर्फ एक बार खुलते हैं, इसलिए यहां दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उज्जैन पहुंचते हैं.