केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का बयान, कहा-राष्ट्रीय राजनीति में प्रवेश कर रहे हैं नीतीश कुमार, राज्यसभा आने पर उनका स्वागत

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का बयान, कहा-राष्ट्रीय राजनीति में प्रवेश कर रहे हैं नीतीश कुमार, राज्यसभा आने पर उनका स्वागत

पटना: नीतीश कुमार और नितिन नवीन सहित बिहार से NDA के राज्यसभा उम्मीदवारों ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में अपना नामांकन दाखिल किया. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि नीतीश कुमार राष्ट्रीय राजनीति में प्रवेश कर रहे हैं. नीतीश का कार्यकाल ऐतिहासिक रहा. नीतीश के दामन पर कोई दाग नहीं है. हर घर बिजली पहुंचाने में उनका योगदान रहा. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि वो हमेशा जेपी के सिद्धांतों पर चले. नीतीश जी बिहार को बहुत आगे ले गए. राज्यसभा आने पर उनका स्वागत है. बिहार के विकास में नीतीश का काफी योगदान है. साल 2005 से उनका कार्यकाल यशस्वी रहा. नीतीश ने बिहार को जंगलराज से बाहर निकाला.

आपको बता दें कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि आज मैं पटना में श्री नितिन नवीन-राष्ट्रीय अध्यक्ष भाजपा, नीतीश कुमार-बिहार के मुख्यमंत्री , रामनाथ ठाकुर, उपेंद्र कुशवाहा और शिवेश कुमार के राज्यसभा नामांकन के लिए यहां पर आया हूं. नितिन नवीन राज्य में लंबे समय तक यशश्वी राजनीति करने के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं और अब वो राज्यसभा के माध्यम से संसद में भी अपना योगदान देंगे. हम सब NDA के सदस्य, भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ता नितिन नवीन का राष्ट्रीय राजनीति में और संसद में स्वागत करते हैं. 

उन्होंने आगे कहा कि आज बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी राज्यसभा में अपना नामांकन दाखिल किया है. इसके साथ ही बहुत ही लंबे अरसे के बाद नीतीश कुमार फिर से एक बार राष्ट्रीय राजनीति में राज्यसभा सांसद के नाते प्रवेश करेंगे. 2005 से लेकर आज तक नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री रहे. उनका ये कार्यकाल बिहार के इतिहास में स्वर्णिम पृष्ठ के रूप में लिखा जाएगा और बिहार के विकास के सारे मायने को उन्होंने गति देने का काम किया.

उन्होंने अपने शासन काल में बिहार को जंगलराज से मुक्त करने का काम किया. उन्होंने न केवल बिहार की सड़कों को गांव तक जोड़ा, उसकी स्थिति में भी सुधार किया. इतने लंबे कार्यकाल में विधायक, सांसद, मुख्यमंत्री व केंद्रीय मंत्री रहते हुए उनके कुर्ते पर कभी दाग नहीं लगा. भ्रष्टाचार का आरोप लगे बिना इतना लंबा राजनीतिक सफर शायद ही किसी ने तय किया हो जो नीतीश कुमार ने तय किया है. 

बिहार के हर गांव, हर घर में बिजली पहुंचाने में भी उनका बहुत बड़ा योगदान रहा. हमेशा नीतीश कुमार सादगी, सूचिता और सार्वजनिक जीवन के उच्चतम मूल्यों के पक्षधर रहे जिनका पालन उन्होंने भी किया. नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 11 साल तक बिहार को हर प्रकार से आगे ले जाने में अपना योगदान किया. उनके नेतृत्व में ही पीएम मोदी द्वारा भेजी गई सभी योजनाएं बिहार के जन-जन तक पहुंची.