Virat Kohli Birthday: 38वें जन्मदिन पर जानिए 'किंग कोहली' के 5 महारिकॉर्ड, सचिन तेंदुलकर को भी छोड़ा पीछे, ये हैं 5 रिकॉर्ड्...

इंटरनेट डेस्क: भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली (Virat Kohli) आज अपना 38वां जन्मदिन मना रहे हैं. 5 नवंबर 1988 को जन्मे विराट कोहली ने अपने शानदार क्रिकेट करियर में कई ऐसे ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाए हैं, जिन्हें तोड़ना किसी भी बल्लेबाज के लिए आसान नहीं होगा. अपनी आक्रामक बल्लेबाजी, फिटनेस और मैदान पर जबरदस्त जुनून के दम पर कोहली ने भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है.

विराट कोहली (Virat Kohli) पिछले 18 वर्षों से अधिक समय से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी बल्लेबाजी का लोहा मनवा रहे हैं. उन्होंने कई अहम मुकाबलों में अकेले दम पर भारतीय टीम को जीत दिलाई है. खासकर लक्ष्य का पीछा करते हुए उनकी शानदार पारियों ने उन्हें विश्व क्रिकेट में 'चेज मास्टर' की पहचान दिलाई. विराट कोहली ने अपने करियर में महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के कई बड़े रिकॉर्ड भी तोड़े हैं. 

उन्होंने वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने का सचिन का रिकॉर्ड अपने नाम किया. निरंतर शानदार प्रदर्शन और मैच जिताने की अद्भुत क्षमता के कारण क्रिकेट प्रशंसक उन्हें प्यार से 'किंग कोहली' कहते हैं. आज विराट कोहली सिर्फ एक सफल क्रिकेटर ही नहीं, बल्कि दुनिया भर के करोड़ों युवा क्रिकेट प्रेमियों के लिए प्रेरणा भी हैं. उनके 38वें जन्मदिन पर देश-दुनिया से प्रशंसक उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं.

कोहली के 5 रिकॉर्ड...! :
वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक:

विराट कोहली (Virat Kohli) के नाम वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने का विश्व रिकॉर्ड दर्ज है. उन्होंने अब तक 55 शतक जड़े हैं. साल 2023 में कोहली ने सचिन तेंदुलकर के 49 वनडे शतकों का रिकॉर्ड तोड़कर इतिहास रचा था. इसके बाद भी उनका शानदार प्रदर्शन जारी रहा और उन्होंने शतकों की संख्या 55 तक पहुंचा दी.

सबसे तेज 15,000 वनडे रन: 
विराट कोहली (Virat Kohli) ने सितंबर 2026 में वनडे क्रिकेट में 15,000 रन पूरे कर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की. उन्होंने महज 315 पारियों में यह आंकड़ा छूकर सबसे तेज 15 हजार वनडे रन बनाने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया. कोहली यह उपलब्धि हासिल करने वाले सचिन तेंदुलकर के बाद दुनिया के दूसरे बल्लेबाज बने.

IPL के एक सीजन में सबसे ज्यादा रन:
विराट कोहली (Virat Kohli) ने साल 2016 के IPL सीजन में अपने बल्ले से रनों की बरसात कर दी थी. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से खेलते हुए उन्होंने 16 मैचों में 973 रन बनाए थे. इस दौरान उनके बल्ले से 4 शतक और 7 अर्धशतक निकले. आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने का यह रिकॉर्ड आज भी कोहली के नाम दर्ज है.

वनडे में लक्ष्य का पीछा करते हुए सबसे ज्यादा रन: 
विराट कोहली (Virat Kohli) ने 4 नवंबर 2026 को न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे मुकाबले में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम की. उन्होंने लक्ष्य का पीछा करते हुए वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया. कोहली के नाम अब 8,741 रन दर्ज हैं, जबकि सचिन तेंदुलकर ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 8,720 रन बनाए थे. इसी शानदार प्रदर्शन के चलते कोहली को दुनिया भर में 'चेज मास्टर' कहा जाता है.

सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड: 
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार जीतने का रिकॉर्ड भी विराट कोहली (Virat Kohli) के नाम है. उन्होंने अपने करियर में अब तक 22 बार यह सम्मान हासिल किया है. इस मामले में उन्होंने सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ा है, जिन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 20 बार यह पुरस्कार जीता था. कोहली ने टेस्ट क्रिकेट में 3, वनडे में 12 और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 7 बार यह अवॉर्ड अपने नाम किया है.