जयपुर: जयपुर में अगले दो दिन यानि रविवार व सोमवार को पानी का शटडाउन रहेगा. जयपुर में बीसलपुर से पानी सप्लाई होता है और गर्मियों को देखते हुए मैंटीनेंस काम कराना जरूरी है. वहीं लाइन में एक बड़ा लीकेज होने के कारण भी शटडाउन लिया जाना जरूरी है. इस कारण अब राजधानी में 29 मार्च और 30 मार्च को पानी सप्लाई नहीं होगा. 31 मार्च को पानी सप्लाई सुचारू होने की संभावना है. इस बीच जलदाय विभाग ने जनता से समुचित पानी स्टोर रखने की अपील की है.
गर्मी शुरू होने के साथ जयपुर में पानी की परेशानी:
-बीसलपुर लाइन में 60 घंटे का होगा शटडाउन
-जयपुर में दो दिन तक नहीं होगी पानी की सप्लाई
-28 मार्च को रात आठ बजे से शटडाउन शुरू
-29 मार्च रविवार को पूरे जयपुर में पानी सप्लाई बंद रहेगी
-30 मार्च सोमवार सुबह भी जयपुर में नहीं आएगा पानी
-30 मार्च सोमवार शाम को कुछ जगहों पर आंशिक सप्लाई शुरू होगी
-31 मार्च मंगलवार को पानी सप्लाई पूरी तरह सामान्य होने का दावा
जलदाय विभाग के एडिशनल चीफ इंजीनियर अजय सिंह राठौड़ ने बताया कि यह शटडाउन अत्यंत जरूरी है. दरअसल सूरजपुरा फिल्टर प्रोजेक्ट से लगभग 26 किलोमीटर दूर मुख्य पाइपलाइन में बड़ा लीकेज हो गया है. इस लीकेज से प्रतिदिन हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा था. इसके अलावा, बीसलपुर-जयपुर ड्रिंकिंग वाटर प्रोजेक्ट के सालाना मेंटेनेंस का काम भी लंबे समय से लंबित था. गर्मियों से पहले पाइपलाइन को मजबूत करना और लीकेज ठीक करना बेहद आवश्यक है. इससे आने वाले दिनों में निरंतर और सुचारू पानी की सप्लाई बनी रहे.
जयपुर शहर की अधिकांश आबादी बीसलपुर बांध से आने वाले पानी पर निर्भर है. ऐसे में दो दिनों तक पानी की सप्लाई बंद रहने से घरों में पेयजल की भारी किल्लत होगी. खासकर निचले इलाकों, ऊंची कॉलोनियों और आउटर क्षेत्रों में समस्या ज्यादा गंभीर हो सकती है.स्कूल, अस्पताल, होटल और रेस्तरां जैसे स्थानों पर भी पानी की कमी महसूस की जाएगी. विभाग ने टैंकरों से पानी की आपूर्ति का वैकल्पिक इंतजाम करने की बात कही है, लेकिन इतनी बड़ी आबादी के लिए टैंकर पर्याप्त नहीं हो सकते. ऐसे में जनता को ही पहले से पानी स्टोर करना पड़ेगा और निजी टैंकर्स पर निर्भर रहना पड़ेगा. विभाग के अनुसार शटडाउन के समय जयपुर में ग्यारह जगह मैंटीनेंस के प्रमुख काम होंगे.
सीबीआई फाटक पर 700 मिमी व्यास पाइप का इंटरकनेक्शन कार्य:
-अशोक मार्ग पर “राज मंदिर सिनेमा”के पास लीकेज मरम्मत कार्य
-किशन बाग नाले के पास अमानीशाह पंप हाउस के निकट 150 मिमी एयर वाल्व टेल पीस का प्रतिस्थापन
-बालावाला पंप हाउस पर 33 केवी बस-कपलर का मेंटेनेंस
-बालावाला पंप हाउस पर 33 केवी इन-कमर का मेंटेनेंस
-बालावाला पंप हाउस पर 33 केवी ट्रांसफॉर्मर फीडर-I का मेंटेनेंस
-मानसरोवर पंप हाउस पर 33 केवी बस-कपलर का मेंटेनेंस
-जवाहर सर्किल पंप हाउस पर 33 केवी बस-कपलर का मेंटेनेंस
-रामनिवास बाग पंप हाउस पर 33 केवी बस-कपलर का मेंटेनेंस
-रामनिवास बाग पंप हाउस पर सेंट्रल पार्क इनकमर का मेंटेनेंस
-अमानीशाह पंप हाउस पर 33 केवी बस-कपलर का मेंटेनेंस