VIDEO: खेल परिषद का 66वां केंद्रीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर, माउंट आबू, जयपुर और बांसवाड़ा में आयोजित होंगे खेल शिविर, देखिए ये रिपोर्ट

जयपुर: राजस्थान में खेल प्रतिभाओं को निखारने और युवा खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजस्थान खेल परिषद् ने 66वें केंद्रीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर की घोषणा कर दी है. इस वर्ष ये शिविर माउंट आबू (सिरोही), जयपुर और बांसवाड़ा में आयोजित किए जाएंगे. परिषद् की सचिव नीतू बारूपाल ने बताया कि प्रदेशभर के प्रतिभावान बालक और बालिका खिलाड़ी इन शिविरों के लिए 15 मई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं. यह शिविर जून 2026 में आयोजित होंगे, जहां खिलाड़ियों को विशेषज्ञ प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में आधुनिक तकनीकों और खेल कौशल का प्रशिक्षण दिया जाएगा. 
 
राज्य खेल परिषद ने केंद्रीय प्रशिक्षण शिविर की तैयारी शुरू कर दी है. अगले महीने प्रदेश के तीन अलग अलग शहरों में शिविर लगेंगे. अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रवीण गुप्ता ने लगातार दो दिन तक मैराथन बैठकें लेकर शिविर की तैयारियों का जायजा भी लिया. मुख्य केंद्रीय शिविर माउंट आबू में आयोजित होगा, जिसमें हैंडबॉल, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, एथलेटिक्स, तीरंदाजी और बॉक्सिंग जैसे खेल शामिल किए गए हैं. परिषद् का मानना है कि इन खेलों में राज्य के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है और इस प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें और अधिक मजबूत मंच प्रदान किया जाएगा. 

वहीं राजधानी जयपुर में फुटबॉल, क्रिकेट, जिम्नास्टिक, जूडो, हॉकी, कुश्ती, कबड्डी, भारोत्तोलन, खो-खो और साइकिलिंग के लिए अलग-अलग आवासीय शिविर लगाए जाएंगे. इन शिविरों में खिलाड़ियों को फिटनेस, तकनीकी प्रशिक्षण और प्रतिस्पर्धात्मक तैयारी पर विशेष फोकस दिया जाएगा. विशेष रूप से जनजातीय क्षेत्र के खिलाड़ियों को अवसर देने के उद्देश्य से बांसवाड़ा में जनजाति शिविर का आयोजन किया जाएगा. इस शिविर में वॉलीबॉल, तीरंदाजी, एथलेटिक्स, कबड्डी, हॉकी, बास्केटबॉल, खो-खो, फुटबॉल और हैंडबॉल खेलों को शामिल किया गया है.

66वें केंद्रीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर के लिए तैयारी शुरू:
-माउंट आबू, बांसवाडा व जयपुर में आयोजित होंगे शिविर
-शिविर के लिए 15 मई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं
-माउंट आबू में हैंडबॉल, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल खेल होंगे
-एथलेटिक्स, तीरंदाजी और बॉक्सिंग खेलों का प्रशिक्षण दिया जाएगा
-जयपुर में फुटबॉल, क्रिकेट, जिम्नास्टिक, जूडो, हॉकी,
-कुश्ती, कबड्डी, भारोत्तोलन, खो-खो और साइकिलिंग का शिविर होगा
-बांसवाड़ामें वॉलीबॉल, तीरंदाजी, एथलेटिक्स, कबड्डी, हॉकी, बास्केटबाल
-खो-खो, फुटबॉल और हैंडबॉल खेलों को शामिल किया गया

खेल परिषद की सचिव नीतू बारूपाल ने बताया कि इच्छुक खिलाड़ी परिषद् की आधिकारिक वेबसाइट से आवेदन पत्र डाउनलोड कर सकते हैं. आवेदन पत्र संबंधित खेल अधिकारियों अथवा प्रशिक्षकों के माध्यम से परिषद् मुख्यालय भेजना अनिवार्य होगा. उन्होंने यह भी निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक खेल में कम से कम 20 आवेदन पत्र भरवाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक खिलाड़ियों को इस अवसर का लाभ मिल सके. शिविरों के सफल संचालन के लिए परिषद् ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं. वित्तीय सलाहकार कमलप्रीत कौर को खिलाड़ियों के भोजन, आवास, टेंट तथा खेल सामग्री की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. परिषद् का मानना है कि यह शिविर युवा खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा को निखारने और भविष्य में राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में राजस्थान का नाम रोशन करने का सुनहरा अवसर साबित होंगे.