ट्रक में उलझकर कई किलोमीटर घसीटती रही कार, दौसा के दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, चार लोगों की दर्दनाक मौत 

दौसा: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा दौसा जिले के आलूदा क्षेत्र के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार कार आगे चल रहे एक ट्रक से जा टकराई.

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार ट्रक में फंस गई और कई किलोमीटर तक घिसटती चली गई. इस भयावह हादसे में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल अवस्था में मिला, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

घटना की सूचना मिलते ही पापड़दा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया. पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात सुचारु कराया. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार सवार सभी लोग नोएडा के रहने वाले बताए जा रहे हैं.

फिलहाल पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. इस दर्दनाक हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा.