VIDEO: जयपुर के 299वें स्थापना दिवस पर बही काव्य रसधारा, हास्य से गूंजा सभागार तो वीर रस ने भरा जोश

जयपुर: गुलाबी नगरी जयपुर के 299वें स्थापना दिवस का जश्न  साहित्य और काव्य की खूबसूरत रंगत के साथ मनाया गया. नगर निगम जयपुर की ओर से आयोजित दो दिवसीय स्थापना दिवस समारोह के तहत बिरला ऑडिटोरियम में भव्य कवि सम्मेलन आयोजित हुआ. देशभर से पहुंचे नामचीन कवियों और कवयित्री ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से ऐसा समां बांधा कि पूरा सभागार कभी ठहाकों से गूंजा तो कभी तालियों की गड़गड़ाहट और राष्ट्रप्रेम के भावों से सराबोर हो उठा. 

सुबह प्रथम पूज्य मोती डुंगरी गणेश मंदिर में पूजा अर्चना और निमंत्रण के साथ दो दिवसीय समारोह का आगाज हुआ, शाम को बिरला सभागार में कवि सम्मेलन में मेरठ के सुप्रसिद्ध वीर रस के कवि हरिओम पंवार, मुंबई के लोकप्रिय हास्य-व्यंग्य कवि एहसान कुरैशी, दिनेश रघुवंशी, सुरेश अलबेला, प्रियांशु गजेंद्र, राव अजातशत्रु और कवयित्री दीपिका माही ने अपनी काव्य प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया. हास्य और व्यंग्य की रचनाओं ने दर्शकों को खूब गुदगुदाया, वहीं ओज एवं वीर रस की कविताओं ने श्रोताओं में जोश और देशभक्ति का संचार किया. कवियों ने सामाजिक सरोकारों, जीवन मूल्यों, समसामयिक विषयों और मानवीय संवेदनाओं को भी अपनी रचनाओं में प्रभावी ढंग से पिरोया. कार्यक्रम का संयोजन एकेश पार्थ ने किया.

जयपुर स्थापना दिवस समारोह के पहले दिन शहर के प्रमुख ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों पर शहनाई वादन के जरिए उत्सवी माहौल बनाया गया. वहीं समारोह के दूसरे दिन आज सुबह 9:30 बजे गंगापोल दरवाजे पर गणेश पूजन और 10:30 बजे गोविंद देवजी मंदिर में दर्शन एवं पूजन का कार्यक्रम होगा. शाम 5 बजे स्टेच्यू सर्किल पर भव्य दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा. कवि सम्मलेन का शुभारंभ राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने किया. इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, विधायक कालीचरण शर्मा, गोपाल शर्मा, राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी सहित अनेक गणमान्य लोग एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. इससे पूर्व महापौर सुनील कोठारी एवं उपमहापौर सरोज कंवर ने पार्षदों के साथ मोती डूंगरी गणेश मंदिर में भगवान गणेश को स्थापना दिवस समारोह का निमंत्रण अर्पित किया.

कुल मिलाकर 299वें स्थापना दिवस पर जयपुर ने अपनी सांस्कृतिक, साहित्यिक और ऐतिहासिक विरासत का ऐसा रंग बिखेरा, जिसने गुलाबी नगरी के उत्सव को यादगार बना दिया.

हैप्पी बर्थडे जयपुर — क्लिक करें