नई दिल्ली: रूस में एक बड़ा सैन्य विमान हादसा सामने आया है. केमेरोवो क्षेत्र में सेना का An-12 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें क्रू मेंबर्स समेत सभी 19 लोगों की मौत हो गई. हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. रूस के रक्षा मंत्रालय ने हादसे में 19 लोगों की मौत की पुष्टि की है.
जानकारी के मुताबिक, यह दर्दनाक हादसा यागुनोवो गांव के पास एक सुनसान इलाके में हुआ. विमान मॉस्को से करीब 3 हजार किलोमीटर पूर्व में दुर्घटनाग्रस्त होकर जमीन पर जा गिरा. हादसे का खौफनाक मंजर आसपास लगे CCTV कैमरे में भी कैद हुआ है.
तकनीकी खराबी की आशंका, जांच में जुटे विशेषज्ञ:
शुरुआती जांच में विमान में तकनीकी खराबी को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है. हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है. रूसी वायुसेना के विशेषज्ञ हादसे की जांच में जुट गए हैं. विमान के तकनीकी पहलुओं और दुर्घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है.