डेगाना (नागौर): नागौर जिले के डेगाना शहर में एक ज्वैलर्स के साथ हैरान कर देने वाली और रोचक घटना सामने आई है. यहां एक कबूतर ज्वैलरी शॉप से 7 ग्राम वजन की सोने की चेन चोंच में दबाकर उड़ गया. कड़ी मशक्कत और दिलचस्प घटनाक्रम के बाद करीब एक घंटे बाद ज्वैलर्स को चेन वापस मिल गई.
जानकारी के मुताबिक डेगाना शहर के रामेश्वर प्लाजा स्थित एक ज्वैलरी शॉप में कारीगर समीन बंगाली सोने के आभूषण तैयार कर रहा था. इसी दौरान दुकान की खिड़की के पास बैठा एक कबूतर अचानक हरकत में आया और मौका पाकर तैयार रखी सोने की चेन उठाकर उड़ गया.
कबूतर दुकान से उड़कर पास ही स्थित एक मकान की छत पर जा बैठा. कुछ देर बाद जब वहां चुग्गा डाला गया तो चुगने के दौरान कबूतर के गले से सोने की चेन छत पर गिर गई. इसके बाद ज्वैलर्स ने राहत की सांस ली और चेन सुरक्षित वापस मिल गई.
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर करीब एक घंटे तक दुकान और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा. यह अनोखी घटना दिनभर डेगाना शहर में चर्चा का विषय बनी रही.