Bangladesh Violence: बांग्लादेश में फिर भड़की हिंसा, ढाका में बम धमाके... यूनुस के पैतृक घर में लगाई आग, दो नेताओं की मौत

नई दिल्लीः बांग्लादेश में एक बार फिर हिंसा की घटनाएं सामने आई हैं. राजधानी ढाका में तड़के कई जगहों पर देसी बम धमाकों से दहशत फैल गई, वहीं चटगांव में पूर्व अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस के पैतृक घर को आग के हवाले कर दिया गया.

पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग ने गुरुवार को देशव्यापी लॉकडाउन का आह्वान किया था. इसके बाद देश के अलग-अलग इलाकों में हिंसक घटनाएं हुई. ढाका में कई स्थानों पर बम धमाकों के साथ आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं हुईं. वहीं, पिछले दो दिनों में सिलहट, राजशाही, बारीसाल और फरीदपुर में मोहम्मद यूनुस के ग्रामीण बैंक की कई शाखाओं को भी निशाना बनाया गया.

सुरक्षा एजेंसियां अलर्टः
इसी बीच चटगांव के पांचलाइस इलाके में अज्ञात लोगों ने मोहम्मद यूनुस के पैतृक घर में आग लगा दी. हालात को देखते हुए प्रशासन ने संवेदनशील जिलों में सुरक्षा बढ़ा दी है. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश यानी BGB के हजारों जवानों को तैनात किया गया है. इनमें शेख हसीना का गृह जिला गोपालगंज भी शामिल है. फिलहाल बांग्लादेश में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं और राजनीतिक तनाव के बीच हालात पर नजर रखी जा रही है.

दो नेताओं की मौतः
बांग्लादेश के 64 प्रशासनिक जिलों में से 28 जिलों में दर्जनों देसी बम धमाके हुए हैं. इसके अलावा कई गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया गया. राजधानी ढाका में चार लोग घायल हुए हैं. वहीं पश्चिमी नराइल जिले में BNP के मार्च के दौरान अवामी लीग कार्यकर्ताओं के हमले में सत्तारूढ़ दल के दो स्थानीय नेताओं की मौत हो गई.   

हैप्पी बर्थडे जयपुर — क्लिक करें