VIDEO: जल्द होगा राजस्थान कांग्रेस कमेटी कार्यकारिणी में बदलाव, पीसीसी चीफ गोविंद डोटासरा ने सौंपी हाईकमान को लिस्ट, देखिए ये रिपोर्ट

जयपुर: राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी में एक बार फिर दूसरी बार फेरबदल होने जा रहा है.हाईकमान के स्तर पर कार्यकारिणी में बदलाव की कवायद शुरु हो चुकी है.दिल्ली दौरे के दौरान पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा नामों की सूची हाईकमान को सौंप भी चुके है.नई सूची में दलित,महिलाओं और अन्य वर्गों का दबदबा इस बार देखने को मिल सकता है. तमाम सियासी चर्चाओं और गोविंद सिंह डोटासरा के बतौर पीसीसी चीफ का 6 साल का कार्यकाल पूरा होने के मद्देनजर पीसीसी में फेरबदल की कवायद शुरु हो गई है.

पिछले दिनों गोविंद सिंह डोटासरा सूची को लेकर दिल्ली पहुंचे थे और प्रभारी से मंथन के बाद लिस्ट संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल को सौंप आए. नई कार्यकारिणी में करीब 200 पदाधिकारियों को शामिल किया जा सकता है.अभी सूची को फाइनल टच देने के लिए हाईकमान के स्तर पर कार्यवाही जारी है.वहीं पीसीसी में फेरबदल की खबरों के साथ दावेदारों ने दिल्ली से लेकर जयपुर तक दौड़ भाग भी शुरु कर दी है.

जल्द होगा राजस्थान कांग्रेस कमेटी में फेरबदल: 
-पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने हाईकमान को सौंपी लिस्ट
-अब आलाकमान के स्तर पर लिस्ट हो रही है तैयार
-अग्रिम संगठन और दिग्गज नेताओं से भी मांगी नामों की सूची
-अशोक गहलोत,टीकाराम जूली और सचिन पायलट से मांगी नामों की लिस्ट
-डोटासरा के प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए दूसरी बार होगा पीसीसी में फेरबदल
-मौजूदा 60 पदाधिकारियों की परफॉर्मेंस की चलते छुट्टी होना तय
-इसी माह जुलाई या अगले माह आ सकती है सूची सामने

कार्यकारिणी में आखिर अब बदलाव की जरूरत ही क्यों पड़ी दरअसल इसके पीछे की कहानी काफी सियासी है.सामने आ रहा है कि राजस्थान के एक दिग्गज नेता ने कार्यकारिणी में एक वर्ग विशेष के लोगों के ज्यादा होने का मामला कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे तक पहुंचाया था.दिग्गज नेता ने खड़गे को तर्क दिया कि जब कप्तान उसी जाति से है तो फिर टीम में उस कास्ट के इतने नेताओं को रखने का क्या मतलब है.खड़गे के निर्देश के बाद फिर दिल्ली से लेकर जयपुर तक पीसीसी में इस फेरबदल को लेकर फिर अचानक भागदौड़ शुरु हुई.अब नई आने वाली पीसीसी में दलित,महिलाओं औऱ अन्य वर्गों का दबदबा देखने को मिलेगा.

हालांकि अभी हाईकमान के स्तर पर लिस्ट को फाइनल टच देने का काम पाइपलाइन में है.क्योंकि अग्रिम संगठन में अच्छा काम करने वालों को भी पीसीसी में एडजस्ट किया जाएगा.साथ ही अन्य दिग्गज नेताओं की सिफारिश को भी तवज्जो देते हुए पीसीसी में शामिल किया जाएगा.ऐसे में संभावना है कि इसी माह या फिर अगले माह तक हर हाल में नई कार्यकारिणी सामने आ जाएगी.