VIDEO: जल्द होगा प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी में बदलाव, कई मौजूदा निष्क्रिय पदाधिकारियों की होगी छुट्टी, देखिए ये खास​ रिपोर्ट

जयपुर: तमाम सियासी अटकलों के बीच एक बार फिर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी में फेरबदल की सुगबुगाहट शुरु हो गई है.बताया जा रहा है कि जल्द प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी में अब फेरबदल को अंजाम दिया जा सकता है.सामने आ रहा है कि करीब 60 मौजूदा पदाधिकारियों की परफॉर्मेंस के आधार पर छुट्टी हो सकती है.नई कार्यकारिणी करीब 200 पदाधिकारियों की हो सकती है.

निकाय और पंचायत चुनाव से पहले एक बार फिर राजस्थान कांग्रेस का फोकस संगठन की मजबूती पर है.इस बार संगठन में बदलाव ऊपरी लेवल पर यानी पीसीसी में हो सकता है.बताया जा रहा है कि दिल्ली दौरे में पीसीसी चीफ गोविंद डोटासरा को पीसीसी में बदलाव करने को लेकर हरी झंडी मिल चुकी है.हालांकि प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी में फेरबदल का काम लंबे समय से पेंडिंग पड़ा है.पर कई कारणों के चलते बदलाव पर हर बार ब्रेक लगते गए.लेकिन हाईकमान की हरी झंडी मिलने के बाद अब प्रदेश नेतृत्व ने सूची को फाइनल टच देने की एक्सरसाइज शुरु कर दी है.

जल्द होगा प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी में बदलाव: 
-हाईकमान के स्तर पर पीसीसी में फेरबदल की मिली मंजूरी
-प्रदेश नेतृत्व ने बदलाव की एक्सरसाइज को फाइनल टच देना शुरु किया
-करीब 60 मौजूदा पदाधिकारियों की हो सकती है छुट्टी
-करीब 50 पदाधिकारियों को निष्क्रियता के चलते हटाया जा सकता है
-सबसे ज्यादा करीब 40 प्रदेश सचिवों पर गिर सकती है गाज
-15 महासचिव और करीब 4 उपाध्यक्षों के भी हटने की अटकलें
-एक व्यक्ति-एक पद के तहत 11 जिला अध्यक्ष बने पदाधिकारी भी हटेंगे
-करीब 200 पदाधिकारियों की होगी नई कार्यकारिणी
-नई लिस्ट में 18 उपाध्यक्ष,55 महासचिव और 100 सचिव बन सकते है
-कईं नए चेहरों को फेरबदल में मिलेगा मौका
-वहीं कुछ मौजूदा पदाधिकारियों का भी होगा प्रमोशन

सामने आ रहा है कि प्रदेश नेतृत्व ने लगभग सूची तैयार करने का काम कर लिया है.क्योंकि निष्क्रिय पदाधिकारियों औऱ जिला अध्यक्ष बने पदाधिकारियों की सूची पहले से ही तैयार पड़ी थी.वहीं नए बनने वाले पदाधिकारियों की लिस्ट भी फाइनल स्टेज की तरफ है.फेरबदल में जातिगत औऱ सियासी समीकरणों का पूरा ख्याल रखा जाएगा.साथ ही आगामी तमाम चुनावों को ध्यान में रखते हुए फेरबदल की सूची तैयार की जा रही है.

वहीं उदयपुर चिंतन शिविर के फैसलों के तहत महिला,दलित,एसटी,अल्पसंख्यक औऱ यूथ को भी फेरबदल में पर्याप्त प्रतिनिधित्व दिया जाएगा. वहीं फेरबदल की चर्चाओं के साथ पदाधिकारी बनने की दौड़ में शामिल नेताओं ने अब लॉबिंग तेज कर दी है.दिल्ली से लेकर जयपुर तक दावेदारों ने सिफारिशें कराना शुरु कर दिया.लेकिन सामने आ रहा है कि मेरिट औऱ परफॉर्मेंस के आधार पर ही कार्यकारिणी में जगह मिलेगी.अब देखना है कि फेरबदल के तहत नई टीम की सूची कब तक सामने आती है.