जयपुरः यूनेस्को वर्ल्ड हैरिटेज सिटी के संवर्धन, संरक्षण, सौन्दर्यकरण को बढ़ावा देने के लिये एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुये मुख्य सचिव वी.निवास ने आज परकोटे के विभिन्न स्थानों, हवेलियों, मंदिर का निरीक्षण कर हालातों का जायजा लिया, निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने परकोटे की संकरी गलियों में पैदल दौरा कर वहां की वास्तविक स्थिति को करीब से देखा तथा विरासत स्थलों की वर्तमान दशा का गहन अवलोकन किया. इसके बाद मुख्य सचिव ने निगम मुख्यालय पहुंच कर बैठक ली.
मुख्य सचिव ने ये दिए निर्देश
परकोटे के सरंक्षण,संर्वधन,यूनेस्को वल्र्ड हैरिटेज टैग को बनाये रखने के निर्देश
अनाधिकृत रूप से लगी हुई केबल को हटाने के दिए निर्देश
खराब पड़ी लाईटों को ठीक करने तथा फसाड लाईटिंग ठीक करने के निर्देश
स्पेशल एरिया हैरिटेज प्लान बनाने का कार्य अतिशिघ्र किया जाये.
हैरिटेज सैल को अधिक सक्रिय, उत्तरदायी बनाकर कार्य करने के निर्देश
मुख्य सचिव वी श्रीनिवास ने परकोटे की हैरिटेज इमारतों, मंदिरों नाटाणियों की हवेली, खजाने वालों का रास्ता, जैमिनी बिल्डिग, दिगम्बर जैन मंदिर, राजस्थान स्कूल आफ आर्ट, हैरिटेज वाक वे, मणिहारों का रास्ता सहित विभिन्न स्थानों का जायजा लिया. इस दौरान शासन सचिव रवि जैन, संभागीय आयुक्त वे. सरवण कुमार, आयुक्त डा. गौरव सैनी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे. मुख्य सचिव ने सबसे पहले नाटाणियों की हवेली का निरीक्षण किया वहां संचालित कोतवाली थाने का निरीक्षण करते हुये वर्षो पुराने संधारित अभिलेखों को भी देखा तथा वहां की जर्जर इमारत को भी संरक्षण हेतु शीघ्र कार्रवाई करने के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देष दिये. इसके पश्चात मुख्य सचिव खजाने वालों के रास्ते पहुंचे जहां खजाने वालों की हवेली तथा जैमिनी बिल्डिग का भी निरीक्षण किया. मुख्य सचिव ने वहां की ऐतिहासिक जानकारी ली साथ ही हवेली को सरंक्षित करने के भी निर्देश दिये. इसके बाद मणिहारों का रास्ता स्थिति दिगम्बर जैन मंदिर, सांगो का रास्ता स्थित राजस्थान स्कूल आफ आर्ट, हैरिटेज वाक वे का भी निरीक्षण किया. मुख्य सचिव ने बताया कि जयपुर एक ऐतिहासिक शहर है. यह हमारी समृद्ध संस्कृति और विरासत का जीवन्त प्रतीक है. इसकी पहचान को बनाये रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. इसके सौन्दर्य एवं हैरिटेज को बनाये रखने के लिये निरन्तर प्रयासों की आवश्यकता है. परकोटे को सरंक्षित करने और यूनेस्को वल्र्ड हैरिटेज सिटी का टैग बनाये रखने हेतु किये जाने वाले प्रयासों पर जोर देने के निर्देश दिए
परकोटे में निरीक्षण के बाद मुख्य सचिव ने अधिकारियों के साथ निगम मुख्यालय पर आकर बैठक की, करीब 1 घंटे चली बैठक में निगम की ओर से किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी मांगी,बैठक में मुख्य सचिव ने जोन उपायुक्तों से उनके कार्यो के बारे में जानकारी ली तथा हैरिटेज सैल द्वारा बनाई गई पीपीटी के माध्यम से धरोहर संरक्षण, संर्वधन, सौन्दर्यकरण के लिये अब तक किये गये कार्यो तथा वर्तमान में किये जा रहे कार्यो के बारे में जानकारी ली.
मुख्य सचिव द्वारा किए गए परकोटे के निरक्षण के दौरान कई प्रकार की खामियां देखने को मिली जिस पर मुख्य सचिव ने जल्द से जल्द रोड़मैप बनाकर कार्य करने के निर्देश आयुक्त को दिए.