CM भजनलाल शर्मा ने जयपुर मेट्रो फेज-2 का किया शुभारंभ, परियोजना की प्रगति का लिया जायजा, देखिए खास रिपोर्ट

जयपुरः जयपुर मेट्रो परियोजना के दूसरे चरण के लिए बड़ी खबर है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आज मेट्रो के दूसरे चरण का भूमि पूजन किया. इसके बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर मेट्रो की सवारी की. 

राजस्थान मेट्रो की ओर से टोंक रोड पर सीतापुरा में मेट्रो के दूसरे चरण के डिपो के लिए प्रस्तावित कार्यक्रम में भूमि पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन व शिला पूजन किया. इस मौके पर यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा, मंत्री जोगाराम पटेल, विधायक कैलाश वर्मा, बालमुकुंदाचार्य, गोपाल शर्मा, मुख्य सचिव वी.श्रीनिवास, राजस्थान मेट्रो के एमडी वैभव गालरिया व अन्य अधिकारी मौजूद थे. इसके बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वहां रखे मेट्रो के मॉडल का निरीक्षण किया. फिर पाइलिंग रिग मशीन की पूजा की. इस पूजा के बाद पाइलिंग रिग मशीन ने खुदाई शुरू कर दी. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वहां मौजूद लोगों का अभिवादन किया. यहां से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मंत्री,विधायकों और अधिकारियों के साथ ई बस में सवार होकर मानसरोवर मेट्रो स्टेशन पहुंचे. यहां उन्होंने जयपुर मेट्रो की यात्रा की. मेट्रो में उस दौरान सफर कर रहे आम यात्री मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर आश्चर्य और खुशी से भर गए. यहां मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विद्यार्थियों,बच्चों व अन्य यात्रियों से जयपुर शहर के विकास और मेट्रो को लेकर बातचीत की. खासाकोठी चौराहे के नजदीक मेट्रो को करीब पांच मिनट के लिए रोका गया. यहां पर मुख्यमंत्री ने दूसरे चरण में प्रस्तावित खासाकोठी मेट्रो स्टेशन को लेकर जानकारी ली. इस प्रस्तावित स्टेशन पर मेट्रो के पहले व दूसरे चरण के यात्री इंटरचेंज कर सकेंगे. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उनकी सरकार जयपुर मेट्रो के विस्तार को लेकर गंभीर है

जयपुर मेट्रो के करीब 41 किलोमीटर लंबे प्रस्तावित रूट को चार पैकेज में विभक्त किया गया है. इसमें से पैकेज वन का काम मौके पर शुरू कर दिया गया है. पैकेज वन प्रहलादपुरा रिंग रोड से लेकर पिंजरापोल गौशाला तक एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा. आपको बताते हैं कि दूसरे चरण में कहां  कहां से गुजरेगी मेट्रो ट्रेन-

-दूसरे चरण में जयपुर मेट्रो टोंक रोड़ स्थित रिंग रोड से लेकर विद्याधर नगर टोड़ी मोड़ तक दौड़ेगी
-41 किलोमीटर लंबे इस रूट में कुल 36 मेट्रो स्टेशन होंगे,जिनमें दो स्टेशन भूमिगत होंगे
-इसमें से करीब 3 किलोमीटर लंबाई में ही मेट्रो भूमिगत कॉरिडोर में दौड़ेगी
-जयपुर से टोंक की तरफ जाने पर रिंग रोड से कुछ पहले ही प्रहलादपुरा में जयपुर मेट्रो का पहला स्टेशन बनेगा
-यहां से जयपुर मेट्रो  मेट्रो स्टेशन बीलवा कलां, बीलवा, गोनेर मोड़, सीतापुरा, जेईसीसी, कुंभा मार्ग व हल्दीघाटी मार्ग, पिंजरापोल गौशाला तक जाएगी
-इस पूरे रूट पर मेट्रो एलिवेटेड कॉरिडोर पर ही दौड़ेगी
-पिंजरापोल गौशाला और सांगानेर फ्लाईओवर के बीच मेट्रो कॉरिडोर एलिवेटेड से भूमिगत हो जाएगा
-यहां सांगानेर चौराहे पर मेट्रो का भूमिगत स्टेशन होगा
-यहीं से भूमिगत मेट्रो कॉरिडोर सांगानेर एयरपोर्ट के प्रस्तावित टर्मिनल 3 तक जाएगा
-टर्मिनल 3 पर पर भी मेट्रो का भूमिगत स्टेशन प्रस्तावित है
-टर्मिनल 3 से मेट्रो भूमिगत कॉरिडोर में ही स्टेट हैंगर से होती हुई टोंक रोड पर आ जाएगी
-यहां से मेट्रो स्टेशन बी टू बायपास, दुर्गापुरा, गोपालपुरा, गांधी नगर, नेहरू प्लेस  ,रामबाग,नारायण सिंह सर्किल, सवाई मानसिंह अस्पताल,अशोक मार्ग, गवर्नमेंट हॉस्टल, -खासाकोठी होते हुए मेट्रो कलेक्ट्रेट मेट्रो स्टेशन पहुंचेगी
-यहां से पानीपेच, अंबाबाड़ी, भवानी निकेतन,सेक्टर 2, विद्याधर नगर,वीकेआई रोड नंबर 5,
-रोड नंबर 9,रोड नंबर 14,हरमाड़ा,हरमाड़ा घाटी,टोड़ी मोड़ मेट्रो स्टेशन तक पहुंचेगी
-दूसरे चरण की कुल लागत है  13 हजार 37 करोड़ रुपए है     

-पैकेज वन के लिए सैम इंडिया बिल्टवैल प्राइवेट और सीगल इंडिया लिमिटेड की ज्वाइंट वेंचर कंपनी का चयन किया गया है
-यह कंपनी पैकेज वन में दस मेट्रो स्टेशनों का करेगी निर्माण
-प्रहलादपुरा,मानपुरा,बीलवा कलां,बीलवा,गोनेर रोड,
-सीतापुरा,जेईसीसी,कुंभा मार्ग,हल्दीघाटी गेट और
-पिंजरापोल गौशाला एलिवेटेड मेट्रो स्टेशनों का करेगी निर्माण
-इस पैकेज में कंपनी 12 किलोमीटर लंबे मेट्रो कोरिडोर और
-दस मेट्रो स्टेशन का निर्माण 34 महीने में करेगी पूरा
-इस हिसाब से मई 2029 तक पैकेज वन का काम हो जाएगा पूरा
-पैकेज वन की लागत 918 करोड़ रुपए रुपए है