जोधपुर: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मौजूदगी में जोधपुर के गांधी मैदान में भारतीय जनता पार्टी का ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम संपन्न हुआ. मुख्यमंत्री के गांधी मैदान पहुंचने पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत और अभिनंदन किया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, महिला शक्ति, जनप्रतिनिधि और विभिन्न समाजों के लोग शामिल हुए. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने संबोधन में कांग्रेस को चारों तरफ से घेरने के साथ पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर एक-एक करके कई हमले बोले.
कांग्रेस कुर्सी नहीं मिलने तिलमिला रही है:
जोधपुर के गांधी मैदान से गोल बिल्डिंग तक मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भाजपा के नेताओं और जनप्रतिनिधियों के साथ पदयात्रा करते हुए पहुंचे और अपने संबोधन में लोकतंत्र को बचाने को लेकर अपने मन की बात कही. जनसभा को संबोधित करते हुए भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को बदनाम करने, ईवीएम पर सवाल उठाने और परिवारवाद की राजनीति करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव जीतती है तो ईवीएम सही होती है, लेकिन चुनाव हारने पर ईवीएम को खराब बताने लगती है. लोकतंत्र में विरोध और सवाल पूछने का अधिकार सभी को है, लेकिन संवैधानिक संस्थाओं को बिना प्रमाण बदनाम करना लोकतांत्रिक मर्यादा नहीं है.
भाजपा की राजनीति का आधार जनता का विश्वास और जनसेवा:
मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के 1977 के बयान का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने एक वोट से सरकार गिरने के बाद भी भविष्य में पूरे देश में भाजपा की सरकार बनने की बात कही थी. आज देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार काम कर रही है. उन्होंने कांग्रेस पर परिवारवाद और सत्ता की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा की राजनीति का आधार जनता का विश्वास और जनसेवा है.
कांग्रेस सरकार के समय किसानों के हितों की अनदेखी हुई:
अपने भाषण में मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर भी सीधा राजनीतिक हमला बोला. उन्होंने कहा कि अशोक गहलोत जी का उनसे बहुत अच्छा प्रेम है, लेकिन कांग्रेस में उनकी चलती कहां है. उन्होंने कहा, "मैं किसी का छोड़ता नहीं हूं, ब्याज सहित चुकाता हूं." मुख्यमंत्री ने गहलोत पर किसानों के मुद्दे, खाद-बीज की दुकानों और जमीनों के आवंटन को लेकर भी सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली कांग्रेस सरकार के समय किसानों के हितों की अनदेखी हुई और परिवार तथा रिश्तेदारों को फायदा पहुंचाया गया.
हमारी सरकार ने संकल्प पत्र में किए गए वादों को पूरा करने का काम किया:
मुख्यमंत्री ने आरपीएससी, पेपर लीक और नकल माफिया के मुद्दे पर भी पिछली कांग्रेस सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि पेपर लीक से युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ. उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए कहा कि भ्रष्टाचार करने वाला कोई भी व्यक्ति हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने संकल्प पत्र में किए गए वादों को पूरा करने का काम शुरू किया है और प्रदेश के युवाओं को चार लाख से अधिक नौकरियां देने का लक्ष्य रखा है. मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर आपातकाल का जिक्र करते हुए भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि 1975 में देश पर आपातकाल थोपा गया, विपक्षी नेताओं को जेल में डाला गया और प्रेस की स्वतंत्रता पर पहरा लगाया गया. जिस कांग्रेस ने लोकतंत्र की आवाज दबाई, वहीं आज लोकतंत्र की सबसे बड़ी रक्षक बनने का दावा कर रही है. उन्होंने राजस्थान की पिछली कांग्रेस सरकार के दौरान राजनीतिक अस्थिरता और होटल की राजनीति का भी उल्लेख किया.
कांग्रेस घुसपैठियों की पैरवी करती है उन्हें संरक्षण देती है:
घुसपैठ के मुद्दे पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि देश में अवैध रूप से रह रहे घुसपैठियों को बाहर निकालने की कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब कल्याण, विकास और भारत के बढ़ते वैश्विक गौरव का उल्लेख करते हुए कहा कि जब तक विकसित भारत का सपना पूरा नहीं होता, तब तक प्रधानमंत्री मोदी देश की सेवा करते रहेंगे. मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन के अंत में कहा कि भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार, किसानों को सम्मान, महिलाओं को सशक्त बनाने और गरीबों के जीवन में बदलाव लाने के संकल्प के साथ काम कर रही है. उन्होंने कहा कि भाजपा का मंत्र है- सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास. मुख्यमंत्री ने जनसभा से लोकतंत्र की मजबूती और संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान का संकल्प दोहराते हुए कहा कि लोकतंत्र बचाना है और अराजकता को हराना है.