निकाय और पंचायत चुनाव की जंग में जुटी कांग्रेस, अल्पसंख्यक विभाग के सम्मेलन के जरिए दिखाई ताकत, देखिए खास रिपोर्ट

जयपुरः निकाय और पंचायत चुनाव की जंग जीतने के लिए राजस्थान कांग्रेस अभी से तैयारियों में जुट चुकी है. फिलहाल सम्मेलनों के जरिए कांग्रेस ताकत दिखाते हुए माहौल बनाने में जुटी हुई है. बिरला सभागार में आज अल्पसंख्यक विभाग का सम्मेलन हुआ. सम्मेलन में निकाय और पंचायत चुनाव में अल्पसंख्यकों को टिकटों का हक देने का मुद्दा गूंजा तो वहीं किसी मुस्लिम नेता को इस बार राजस्थान से राज्यसभा में भेजने की भी आवाज उठी.

निकाय औऱ पंचायत चुनाव की जंग से पहले कांग्रेस सम्मेलनों के जरिए शक्ति प्रदर्शन दिखा रही है. राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के बाद आज जयपुर में कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग ने अपनी ताकत दिखाई. बिरला सभागार में हुए सद्भावना सम्मेलन में प्रभारी,पीसीसी चीफ,विधायक सहित विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी मजबूत रहे. सम्मेलन में अल्पसंख्यक वर्ग की मजबूती को लेकर खूब बातें हुई. ऐसे में सम्मेलन में मौजूद लोगों ने आगामी निकाय औऱ पंचायत चुनाव में ज्यादा प्रतिनिधित्व की मांग ऑन स्पॉट कर डाली. लिहाजा गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि इन दोनों चुनाव में अल्पसंख्यक वर्ग का यकीनन पूरा ख्याल रखा जाएगा औऱ  उनका हक उन्हें जरूर मिलेगा.

वहीं सम्मेलन में इमरान प्रतापगढ़ी ने अपनी शेरो शायरी वाले भाषण से समां बांध दिया. प्रतापगढ़ी. ने कहा ट्रेड डील में अमेरिका के आगे सरकार ने घुटने टेक दिए. डील से आने वाले दिनों में हमारे अन्नदाताओं को बड़ा नुकसान होगा. साथ ही प्रतापगढ़ी ने अल्पसंख्यक वर्ग को बीजेपी की साजिशों औऱ खेल को समझने के लिए भी सचेत किया. प्रतापगढ़ी ने कहा कि फेक सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए मुस्लिमों ने कांग्रेस को क्या दिया यह नैरेटिव चलाया जाता है. लेकिन कांग्रेस ने ही इस वर्ग को पीएम औऱ राष्ट्रपति दिए. प्रतापगढ़ी के भाषण के दौरान ही मुस्लिम नेता को इस बार राजस्थान से राज्यसभा में भेजने का मुद्दा उठा. सम्मेलन मे मौजूद लोगों की इस सियासी मांग पर प्रतापगढ़ी ने कहा कि हाईकमान तक जरुर आपकी भावना पहुंचाई जाएगी.

कुल मिलाकर अल्पसंख्यक विभाग का पूरा सम्मेलन इस वर्ग को चुनाव में ज्यादा टिकट देने की मांग में तब्दील होता दिखा. पहले निकाय औऱ पंचायत चुनाव में पूर्ण प्रतिनिधित्व देने की वकालत की तो फिर इस बार किसी मुस्लिम नेता को राज्यसभा से भेजने के लिए आवाज बुलंद की. अब सम्मेलन के जरिए जिस मुद्दे का जिक्र शुरु हुआ है उस पर देखते है कि हाईकमान अब क्या करता है. 

कांग्रेस जुटी निकाय औऱ पंचायत चुनाव की जंग
अल्पसंख्यक विभाग के सम्मेलन के जरिए दिखाई ताकत
अल्पसंख्यक वर्ग ने निकाय-पंचायत चुनाव में ज्यादा टिकट देने की मांग रखी
गोविंद सिंह डोटासरा ने हक देने का दिया भरोसा
वहीं राज्यसभा से इस बार किसी मुस्लिम को भेजने का भी उठा मुद्दा
इमरानी प्रतापगढी ने कहा-आलाकमान तक पहुंचाएंगे भावना