डूंगरपुर: डूंगरपुर ज़िले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. नेशनल हाईवे-48 (NH-48) पर बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत बरोठी गांव के पास एक तेज रफ्तार कार अचानक सामने आई बाइक को बचाने की कोशिश में अनियंत्रित होकर पलट गई.
पलटने के बाद कार दूसरी लेन में जा घुसी और वहां सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई. इस हादसे में कार सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर तुरंत उच्च चिकित्सा सुविधा के लिए रेफर किया गया.
मृतक युवक के शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है. पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है.