जयपुर: पांच राज्यों के चुनाव समाप्त होने के बाद अब कांग्रेस में जल्द कईं अहम बदलाव होंगे. यूपी और गोवा सहित कुछ राज्यों के पीसीसी चीफ बदले जा सकते हैं. वहीं असम और उड़ीसा सहित कईं राज्यों के प्रभारी बदले जा सकते हैं. साथ ही कुछ नए एआईसीसी पदाधिकारी बनाए जाने की भी अटकलें है.
पांच राज्यों के चुनाव समाप्त होने के बाद कांग्रेस हाईकमान एक बार फिर अब संगठन मजबूती के मिशन पर फोकस करेगा. जिसके तहत संगठन में कईं बड़े बदलाव हो सकते हैं. केरलम में सीएम के शपथ ग्रहण समारोह के बाद बदलावों की सूचियां सामने आ सकती है. सामने आ रहा है कि एआईसीसी से लेकर राज्यों में यह बदलाव होने जा रहे हैं. हाईकमान के स्तर पर बदलाव को लेकर फिलहाल कवायद जारी है. जल्द ही राहुल गांधी,वेणुगोपाल और अध्यक्ष खड़गे चर्चा करके इन बदलावों पर अंतिम मुहर लगाएंगे.
चुनाव के बाद अब कांग्रेस संगठन में होंगे कईं बड़े बदलाव
-कईं राज्यों के बदले जा सकते है प्रभारी
-असम और उड़ीसा सहित कईं राज्यों के इंचार्ज बदलने की चर्चाएं
-यूपी औऱ गोवा सहित कईं राज्यों के बदले जा सकते है प्रदेश अध्यक्ष
-AICC में बनाए जा सकते है कुछ नए पदाधिकारी
-सेवादल संगठन को मिल सकता है नया राष्ट्रीय अध्यक्ष
-हरियाणा में होगा प्रदेश कांग्रेस कमेटी का गठन
-NSUI की राष्ट्रीय कार्यकारिणी होगी घोषित
-अन्य विभागों और प्रकोष्ठों में भी होगा फेरबदल
-जिला अध्यक्षों की नियुक्ति के लिए शेष राज्यों में संगठन सृजन मॉडल होगा लागू
हालांकि इन बदलावों को लेकर कांग्रेस में लंबे समय से चर्चा चल रही थी. लेकिन पांच राज्यों के चुनाव के चलते फिर ब्रेक लग गए. अब जब पांच राज्यों के चुनाव सम्पन्न हो चुके है और अगले साल तक अब किसी भी स्टेट में कोई चुनाव भी नहीं है. ऐसे में कांग्रेस हाईकमान के पास अब संगठन को मजबूत करने के अलावा कोई टास्क नहीं है. हालांकि जिन बदलावों की चर्चाएं चल रही है वह तो हम आपको बता चुके हैं. लेकिन बड़ा सवाल यह भी है क्या बदलाव के तहत कोई चौंकाने वाले फैसले भी लिए जा सकते हैं क्या.
वहीं पार्टी के भीतर लंबे समय से प्रियंका गांधी को अहम जिम्मेदारी मिलने के कयास तेजी से लगाए जा रहे हैं. ऐसे में अब देखने वाली बात होगी इन बदलावों के तहत प्रियंका गांधी को कोई रोल मिलता है या फिर नहीं. लेकिन कांग्रेस गलियारों में प्रस्तावित बदलावों को लेकर सभी नजरें बनाए हुए हैं. अब देखते है कि संगठन को नई धार देने के लिए कांग्रेस हाईकमान क्या फैसले लेता है.