VIDEO: ESIC का राष्ट्रीय स्वास्थ्य जांच अभियान का आगाज, जयपुर में चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने किया शुभारंभ, देखिए ये खास रिपोर्ट

जयपुर : केन्द्र सरकार की पहल पर ESIC बीमित परिवारों में 40 साल से अधिक उम्र के सभी सदस्यों की अब हर साल निशुल्क स्वास्थ्य जांच होगी. नई श्रम संहिताओं के तहत केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने दिल्ली से देशव्यापी इस वार्षिक स्वास्थ्य जांच अभियान का आगाज किया. जबकि राजधानी जयपुर में चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने अभियान का शुभारम्भ किया. इस मौके पर खींवसर ने केन्द्र सरकार की पहल को श्रमिक और अल्पवेतनभोगियों के लिए बड़ी राहत बताया.

सोड़ाला स्थित कर्मचारी राज्य बीमा निगम के चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल में चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने अभियान की शुरूआत करते हुए कहा कि 40 वर्ष से अधिक उम्र के बीमितों के लिए नई श्रम संहिताओं में नि:शुल्क वार्षिक स्वास्थ्य जांच का प्रावधान किया गया है. ये प्रावधान दर्शाता है कि केन्द्र सरकार ESIC बीमित परिवारों के स्वास्थ्य के प्रति कितना गंभीर है. चिकित्सा मंत्री खींवसर ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग सेहत का ध्यान रखना भूल जाते हैं. खासकर महिलाओं में ये समस्या ज्यादा है, जो अक्सर अपनी सेहत का ध्यान को प्राथमिकता पर नहीं रखती है. इसलिए अक्सर मैं देखता हूं कि ज्यादातर महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर दिक्कत होती है. इस अभियान के माध्यम से 40 साल से अधिक उम्र के बीमित परिवारों का हर साल निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण होगा, जिससे किसी भी बीमारी का पहली स्टेज पर ही पता लगाया जा सके. खींवसर ने इस अभियान को जरूरतमंद परिवारों के लिए जीवनदायनी अभियान बताया.

-पहले दिन 300 से अधिक बीमित लोगों की फ्री जांच
-ESIC का राष्ट्रीय स्वास्थ्य जांच अभियान कार्यक्रम
-चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने किया अभियान का आगाज
-आयोजन में 300 से अधिक बीमित व्यक्तियों की डायबिटीज, बीपी,
-कोलेस्ट्रॉल, एनीमिया, ई.सी.जी., चेस्ट एक्सरे समेत अन्य जांचे की गई

कार्यक्रम में बतौर विशिष्ठ अतिथि के रूप में मौजूद विधायक गोपाल शर्मा ने बीमितों के स्वास्थ्य से जुड़ी इस योजना की सराहना की, साथ ही चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर से मांग उठाई कि ESIC मेडिकल कॉलेज के लिए हॉस्पिटल के पास ही जमीन अलॉट करने की मांग उठाई. कार्यक्रम में डीन डॉ राजेश चेतिवाल, चिकित्सा विभाग की निदेशक डॉ. दलबीर कौर,बीमा आयुक्त, पश्चिम अंचल रामजीलाल मीना, क्षेत्रीय निदेशक मनोज कुमार, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर.पी.मीना, उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ अखिलेश जैन एवं डॉ. हरीश दुलानी समेत अन्य अतिथि मौजूद रहे.