माउंट आबू (सिरोही): राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने माउंट आबू में ब्रह्माकुमारीज के सम्मेलन में शिरकत की. इस मौके पर राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने कहा कि मुझे यहां आकर अत्यंत प्रसन्नता हो रही है. समाज में शांति, एकता और विश्वास को बढ़ावा देने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है. मीडिया को लोकतंत्र का चौथा स्तम्भ भी बोलते हैं. मीडिया लोकतंत्र की जड़ों को सींचकर सदा हरा रखने का कार्य करता है. हमारे भारत के लोगों के रक्त में ही लोकतंत्र है. चन्द्रगुप्त के राज्य में पाटलिपुत्र में नगर पंचायत में 30 सदस्य चुनकर आते थे. मैंने इसके बारे में पूर्व प्रधानमंत्री पं. जवाहरलाल नेहरू की किताब भारत एक खोज में पढ़ा. लोकतंत्र में जो चुनकर आते हैं, जाति के आधार पर नहीं विचार और देशहित के आधार पर चुनाव लड़े. तो लोकतंत्र और मजबूत होगा, मीडिया को इसपर फोकस करना चाहिए.
ब्रह्माकुमारीज एक आध्यात्मिक विश्वविद्यालय:
राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने कहा कि ब्रह्माकुमारीज एक आध्यात्मिक विश्वविद्यालय है. प्राचीन भारतीय संस्कृति ज्ञान का प्रचार-प्रसार करता रहा है. ब्रह्माकुमारीज संस्था महत्वपूर्ण कार्य कर रही है. नशामुक्ति, पर्यावरण जागरण, अंधविश्वास दूर करने का भी काम करता है. ब्रह्मा बाबा ने इसकी स्थापना की, उनका हीरे का व्यापार था. ब्रह्माकुमारीज हर गांव में जाते हैं, लोगों को शांति और तरक्की का रास्ता बताते हैं. विश्व में महिलाओं का इतना बड़ा संगठन नहीं है, जितना ब्रह्माकुमारीज का है. ब्रह्माकुमारीज संस्कृति बचाने का कार्य कर रही है.
कार्यक्रम में कई बिन्दुओं पर चर्चा और विचार विमर्श:
इससे पहले राज्यपाल हरिभाऊ बागडे आबूरोड के तलहटी स्थित ब्रह्माकुमारी संस्थान पहुंचे. राज्यपाल ने राष्ट्रीय मीडिया महासम्मेलन का उद्घाटन किया. इस मौके पर राज्यपाल ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की. ब्रह्माकुमारी संस्थान की ओर से फूल माला से राज्यपाल का स्वागत अभिनंदन किया गया. ब्रह्माकुमारी संस्थान के मीडिया कॉन्फ्रेंस हॉल में कार्यक्रम आयोजित हुआ. राष्ट्रीय मीडिया सम्मेलन में देश भर के पत्रकार भाग ले रहे हैं. 4 दिनों तक चलने वाले कार्यक्रम में कई बिन्दुओं पर चर्चा और विचार विमर्श होगा. कार्यक्रम में जिला कलेक्टर अल्पा चौधरी, एसपी, माउंट आबू SDM सहित जिले के अधिकारी मौजूद रहे.