वैश्विक मंच पर राजस्थान के प्रशासनिक अनुभवों की गूंज, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास एथेंस में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व, देखिए खास रिपोर्ट

जयपुरः मुख्य सचिव व अंतरराष्ट्रीय प्रशासनिक विज्ञान संस्थान -आईआईएएस के अध्यक्ष वी. श्रीनिवास 12 से 15 अक्टूबर तक ग्रीस की राजधानी एथेंस में आयोजित आईएएसआईए-2026 के वार्षिक सम्मेलन में भाग लेंगे. वैश्विक स्तर पर शासन व्यवस्था, प्रशासनिक सुधार और डिजिटल गवर्नेंस पर केंद्रित इस सम्मेलन में 100 से अधिक देशों के 600 से ज्यादा प्रतिनिधियों के शामिल हो सकते हैं. 

आईआईएएस शासन सूचकांक की होगी प्रस्तुति
सम्मेलन का प्रमुख आकर्षण वी. श्रीनिवास के नेतृत्व में विकसित किए जा रहे आईआईएएस शासन सूचकांक की प्रारंभिक झलक होगी. श्रीनिवास और आईआईएएस के वैज्ञानिक निदेशक प्रो. डॉ. मार्को डे ला क्रूज़ इस सूचकांक की अवधारणात्मक रूपरेखा और कार्यप्रणाली प्रस्तुत करेंगे. इसका उद्देश्य सार्वजनिक संस्थाओं के कामकाज को समझने और प्रशासनिक सुधार के संभावित क्षेत्रों की पहचान के लिए वैश्विक संदर्भ उपलब्ध कराना है.

उद्घाटन और समापन संबोधन देंगे मुख्य सचिव

‘बदलते विश्व के लिए शासन पर पुनर्विचार’ विषय पर आयोजित सम्मेलन में श्रीनिवास 14 अक्टूबर को उद्घाटन और 15 अक्टूबर को समापन संबोधन देंगे. वे 12 अक्टूबर को आईएएसआईए के प्रबंधन मंडल को संबोधित करेंगे तथा 13 अक्टूबर को आईआईएएस प्रशासन परिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे.

डिजिटल शासन, प्रशासनिक नवाचार और नागरिक केंद्रित व्यवस्था पर मंथन

सम्मेलन में नीति निर्माता, लोक प्रशासन विशेषज्ञ और शिक्षाविद शासन व्यवस्था को अधिक प्रभावी, उत्तरदायी और नागरिक केंद्रित बनाने के उपायों पर चर्चा करेंगे. प्रशासनिक नवाचार, डिजिटल परिवर्तन, संस्थागत क्षमता और सार्वजनिक संस्थाओं के प्रति विश्वास जैसे विषय विमर्श के केंद्र में रहेंगे.

ग्रीस के वरिष्ठ अधिकारियों और भारतीय राजदूत से भी बैठकें

श्रीनिवास 12 अक्टूबर को ग्रीस के राष्ट्रीय लोक प्रशासन एवं स्थानीय शासन केंद्र (ईकेडीडीए) के महानिदेशक डॉ. वासिलिस एक्सारखोस, आईएएसआईए की अध्यक्ष प्रो. डॉ. लीज़ेल ल्यूज़, आईआईएएस-2026 सियोल सम्मेलन के अध्यक्ष प्रो. डॉ. बुम यंग ली, आईआईएएस के वैज्ञानिक निदेशक प्रो. डॉ. मार्को डे ला क्रूज़ और ग्रीस में भारत के राजदूत रवि शंकर के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे.

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, ग्रीस के प्रधानमंत्री किरियाकोस मित्सोताकिस एक उच्चस्तरीय पूर्ण सत्र में भाग लेंगे, जिसमें श्रीनिवास भी शामिल होंगे.

श्रीनिवास जून 2025 में 2025–2028 के तीन वर्षीय कार्यकाल के लिए आईआईएएस के अध्यक्ष चुने गए थे. सम्मेलन में आईएएसआईए की 65वीं वर्षगांठ भी मनाई जाएगी. उनकी सहभागिता भारत और राजस्थान के प्रशासनिक अनुभवों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर साझा करने तथा वैश्विक शासन संबंधी नवाचारों पर विचारों के आदान-प्रदान का अवसर प्रदान करेगी.