ग्राम उत्थान शिविर: CM भजनलाल शर्मा का युवाओं को संदेश - आप मेहनत करो, सरकार आपके साथ

ग्राम उत्थान शिविर: CM भजनलाल शर्मा का युवाओं को संदेश - आप मेहनत करो, सरकार आपके साथ

डीडवाना: डीडवाना–कुचामन जिले के लाडनूं दौरे पर पहुंचे प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विकास, युवा, किसान और संगठनात्मक मजबूती को लेकर स्पष्ट संदेश दिया. मुख्यमंत्री ने लाडनूं में आयोजित ग्रामोत्थान शिविर का अवलोकन किया और शिविर में पहुंचे किसानों व युवाओं से सीधे संवाद कर सरकार की योजनाओं और सुविधाओं पर चर्चा की. उन्होंने शिविर में दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंचे.

इसके बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने लाडनूं में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित किया. इससे पहले उन्होंने डीडवाना–कुचामन जिले में 529 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास किए. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि जिस भी क्षेत्र का दौरा हो, वहां विकास कार्यों की ठोस सौगात जनता को मिले, ताकि हर क्षेत्र संतुलित विकास की राह पर आगे बढ़े. 

सरकार हर कदम पर युवाओं के साथ खड़ी है:
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री का भाषण पूरी तरह से प्रदेश के युवाओं और किसानों को समर्पित रहा. उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे पूरी मेहनत और ईमानदारी से आगे बढ़ें, सरकार हर कदम पर उनके साथ खड़ी है. मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार अब तक एक लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र दे चुकी है और डेढ़ लाख से अधिक नौकरियां प्रक्रियाधीन में हैं. उन्होंने बताया कि सरकार युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए बिना ब्याज के ऋण जैसी योजनाओं पर भी तेजी से काम कर रही है, ताकि युवा स्वयं का व्यवसाय शुरू कर सकें. 

कांग्रेस भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण की राजनीति करती है:
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विपक्षी दल कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा गरीबी हटाने की बात की, लेकिन गरीबी दूर करने के लिए कभी ठोस काम नहीं किया. उन्होंने कांग्रेस को भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण की राजनीति का प्रतीक बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही को प्राथमिकता दी है. पेपर लीक मामलों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के समय हुई घटनाओं के विपरीत भाजपा सरकार के कार्यकाल में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है. उन्होंने बताया कि पेपर लीक माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 400 से अधिक आरोपियों को जेल भेजा गया है और 137 से अधिक प्रकरण दर्ज किए गए हैं. 

22 जिलों में किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध करा दी गई है:
किसानों को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गांव से शहरों की ओर पलायन रोकने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में ही शहर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है. उन्होंने बताया कि वर्ष 2027 तक किसानों को दिन में बिजली देने का वादा किया गया था, लेकिन सरकार ने तय समय से पहले ही 22 जिलों में किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध करा दी है. जनसभा के बाद मुख्यमंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से भी संवाद किया. लाडनूं ब्लॉक सहित जिले के भाजपा पदाधिकारी और नेता इस अवसर पर मौजूद रहे.