जयपुर के 299 साल: एक शहर जिसे मैंने धीरे-धीरे जाना और अपना बना लिया

जयपुरः कभी-कभी जिंदगी हमें ऐसी जगह ले आती है, जिसके बारे में हमने बहुत कुछ सुना तो होता है, लेकिन उसे करीब से जानने का मौका कभी नहीं मिला होता. मेरे लिए जयपुर भी कुछ ऐसा ही था. साल 2024 में जब मैं ओडिशा से जयपुर आई, तब मेरे मन में कई सवाल थे. नया शहर, नए लोग, नया माहौल. पता नहीं यह शहर मुझे पसंद आएगा या नहीं, यहां रहना कैसा होगा और मैं खुद को यहां कितना ढाल पाऊंगी. उस वक्त मुझे बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि आने वाले समय में यही शहर मुझे इतनी सारी नई चीजें सिखाएगा. 

your image

जयपुर आने के बाद मैंने सिर्फ एक नया शहर नहीं देखा, बल्कि एक नई दुनिया को करीब से जाना. यहां की ऐतिहासिक इमारतें, पुराने बाजार, किले, हवेलियां और हर जगह बिखरी कहानियां मुझे हमेशा आकर्षित करती रहीं. हवा महल हो या आमेर का किला, हर जगह ऐसा लगता है जैसे इतिहास आज भी अपनी मौजूदगी दर्ज करा रहा हो. लेकिन इस शहर ने मुझे सिर्फ इतिहास से ही नहीं जोड़ा, बल्कि अपनी संस्कृति को एक नए नजरिए से समझने का मौका भी दिया.   

your image

राजस्थान की संस्कृति से मेरा जुड़ाव पहले से था, लेकिन यहां आने के बाद उसे करीब से जीने का अवसर मिला. यहां के त्योहार, तीज-गणगौर की परंपराएं, राजस्थानी पहनावा, लोकगीत, लोकनृत्य, खानपान और लोगों की मेहमाननवाजी ने मुझे अपनी जड़ों से और करीब कर दिया. कई बार ऐसा महसूस हुआ कि जिस संस्कृति को मैं जानती तो थी, उसे असल में समझना अब शुरू किया है.   

your image

धीरे-धीरे जयपुर की गलियां जानी-पहचानी लगने लगीं. यहां के बाजार, यहां का खानपान और यहां के लोगों का अपनापन जिंदगी का हिस्सा बन गया. जिस शहर को लेकर शुरुआत में मन में कई सवाल थे, आज उसी शहर से कई खूबसूरत यादें जुड़ चुकी हैं.

18 नवंबर 2026 को जयपुर अपने 299 साल पूरे कर 300वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है. 1727 में महाराजा सवाई जय सिंह द्वितीय द्वारा बसाया गया यह शहर आज भी अपनी ऐतिहासिक विरासत और आधुनिक पहचान के बीच खूबसूरत संतुलन बनाए हुए है. यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल जयपुर की पहचान सिर्फ इसकी गुलाबी इमारतों तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां की कला, संस्कृति और लोगों के अपनत्व में भी बसती है.    

your image

आज जब जयपुर के 299 साल पूरे हो रहे हैं, तो मेरे लिए यह सिर्फ एक ऐतिहासिक तारीख नहीं है. यह उस शहर के प्रति आभार जताने का भी दिन है, जिसने मुझे बहुत कुछ नया देखने, सीखने और अपनी संस्कृति को और करीब से महसूस करने का मौका दिया.

मैं यहां 2024 में एक नए शहर को जानने आई थी, लेकिन आज इस शहर से मेरी अपनी यादें, अपने अनुभव और एक अलग ही जुड़ाव है. शायद किसी शहर की सबसे खूबसूरत बात यही होती है कि आप वहां रहने कब आते हैं, यह तो आपको पता होता है, लेकिन वह शहर कब आपके दिल में अपनी जगह बना लेता है, इसका एहसास भी नहीं होता. 

299 साल पूरे करने पर जयपुर को ढेरों शुभकामनाएं. यूं ही अपनी विरासत, संस्कृति और खूबसूरती को संजोए रखना.

जन्मदिन मुबारक हो, मेरा जयपुर
 

हैप्पी बर्थडे जयपुर — क्लिक करें