जन्म बांदीकुई में हुआ, लेकिन जयपुर ने मुझे पहचान दी, सपने दिए और जिंदगी जीने का अंदाज सिखाया. मेरा जन्म साल 1996 में राजस्थान के बांदीकुई में हुआ था. जब मैं महज पांच साल का था, तब अपने परिवार के साथ जयपुर आ गया. उस समय शायद मुझे अंदाजा भी नहीं था कि यह शहर एक दिन मेरी जिंदगी का सबसे अहम हिस्सा बन जाएगा. आज जयपुर में रहते हुए 25 साल पूरे हो चुके हैं, लेकिन इस शहर के लिए मेरा प्यार आज भी वैसा ही है, जैसा बचपन में था.
मेरे बचपन की शरारतें, स्कूल की यादें, कॉलेज की मस्ती, दोस्तों के साथ बिताए खूबसूरत पल और जिंदगी के अनगिनत अनुभव, सब कुछ जयपुर की गलियों में बसा हुआ है. यहीं मैंने पढ़ना सीखा, दोस्त बनाए, सपने देखे और उन सपनों को पूरा करने की हिम्मत जुटाई. इन 25 सालों में मैंने राजस्थान के लगभग हर हिस्से की सैर की. हर शहर की अपनी खूबसूरती, संस्कृति और पहचान है, लेकिन मेरे दिल को जो सुकून जयपुर में मिलता है, वह कहीं और नहीं मिला.
जयपुर की सुबह, यहां की शाम, पुराने शहर की गुलाबी दीवारें, हवामहल की खूबसूरती, आमेर का किला, जलमहल का नजारा और यहां के बाजारों की रौनक मेरे दिल के बेहद करीब हैं. इस शहर की सबसे खास बात यह है कि यहां इतिहास भी जिंदा है और आधुनिकता भी कदम से कदम मिलाकर चलती है.
आज जब जयपुर अपनी स्थापना के 299 साल पूरे कर 300वें साल में प्रवेश कर रहा है, तो मेरे लिए यह पल बेहद भावुक और गर्व से भरा है. दुनिया के लिए जयपुर गुलाबी नगरी है, लेकिन मेरे लिए यह मेरी यादों का घर, मेरे सपनों की मंजिल और मेरी जिंदगी की सबसे खूबसूरत कहानी है. जन्मभूमि बांदीकुई है, लेकिन मेरी कर्मभूमि और दिल की नगरी हमेशा जयपुर रहेगी.
हैप्पी बर्थडे, म्हारो प्यारो जयपुर!