डॉ. सहदेव चौधरी फाउंडेशन द्वारा ‘जनपक्ष फेलोशिप प्रोग्राम 2026’ का आयोजन, नागरिक पत्रकारिता को मिलेगा नया प्रशिक्षण मंच

डॉ. सहदेव चौधरी फाउंडेशन द्वारा ‘जनपक्ष फेलोशिप प्रोग्राम 2026’ का आयोजन, नागरिक पत्रकारिता को मिलेगा नया प्रशिक्षण मंच

जयपुर: डॉ. सहदेव चौधरी फाउंडेशन की ओर से जनपक्ष फेलोशिप प्रोग्राम 2026 का आयोजन 25 और 26 जनवरी 2026 को जयपुर में किया जा रहा है. यह दो दिवसीय फेलोशिप कार्यक्रम सी-स्कीम स्थित 9x11 कोवर्किंग, एस.बी. टावर में आयोजित होगा. कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिक पत्रकारिता को एक संरचित, नैतिक और व्यावहारिक प्रशिक्षण ढांचे के माध्यम से सशक्त बनाना है.

यह फेलोशिप उन युवाओं और जागरूक नागरिकों के लिए तैयार की गई है, जो अपने आसपास घट रही सामाजिक, सांस्कृतिक और नागरिक गतिविधियों को जिम्मेदारी, संवेदनशीलता और संतुलित दृष्टि के साथ समझना और प्रस्तुत करना चाहते हैं. कार्यक्रम में मोबाइल और डिजिटल माध्यमों के जरिए जमीनी स्तर की कहानियों को सही संदर्भ और मर्यादा के साथ सामने लाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा.

जनपक्ष के संस्थापक वीरेंद्र चौधरी ने फेलोशिप की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जनपक्ष फेलोशिप किसी को केवल पत्रकार बनाने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह नागरिकों को देखने, सुनने और समझने की संवेदनशील दृष्टि देने का प्रयास है. उन्होंने कहा कि प्रतिभागियों को यह सिखाया जाएगा कि खबर को केवल रिकॉर्ड करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसके सामाजिक संदर्भ और प्रभाव को समझना भी उतना ही जरूरी है.

फेलोशिप कार्यक्रम के तहत पत्रकारिता की बुनियादी अवधारणाएं, नागरिक पत्रकारिता की भूमिका, मीडिया नैतिकता, तथ्य सत्यापन, भारतीय संविधान और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, डिजिटल मीडिया की कार्यप्रणाली तथा मोबाइल जर्नलिज़्म (MoJo) का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा. प्रतिभागियों को मोबाइल से शूटिंग, साउंड और लाइट की समझ, वीडियो एडिटिंग और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर कंटेंट प्रस्तुतिकरण के साथ फील्ड असाइनमेंट भी कराए जाएंगे.
फेलोशिप के लिए 18 वर्ष से अधिक आयु के वे युवा आवेदन कर सकते हैं, जिन्हें पत्रकारिता, मीडिया, राजनीति, समाजशास्त्र, कानून या सामाजिक मुद्दों में रुचि हो. राजस्थान के किसी भी हिस्से से आवेदन स्वीकार किए जाएंगे, जबकि महिला उम्मीदवारों और ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले प्रतिभागियों को विशेष प्रोत्साहन दिया जाएगा.

चयनित फेलोज़ को जनपक्ष प्लेटफॉर्म के साथ काम करने का अवसर, वरिष्ठ पत्रकारों का मार्गदर्शन, कंटेंट पब्लिकेशन, प्रोफेशनल एक्सपोज़र और प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा. साथ ही भविष्य की जनपक्ष परियोजनाओं में उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी.

आवेदन के लिए प्रतिभागियों को फॉर्म भरना होगा. फॉर्म भरने के बाद उम्मीदवारों को राजस्थान से जुड़े तीन विषयों में से किसी एक पर तीन मिनट का न्यूज़ कवरेज शैली का वीडियो और 500 शब्दों का लेख तैयार कर अपनी ईमेल आईडी से [[email protected]](mailto:[email protected]) पर भेजना अनिवार्य होगा. लेख और वीडियो न भेजने की स्थिति में आवेदन निरस्त माना जाएगा.

फॉर्म और सामग्री भेजने की अंतिम तिथि 15 जनवरी 2026 निर्धारित की गई है.