जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर के प्रताप नगर की 13 वर्षीय छात्रा जैस्मिन जोनवाल ने राष्ट्रीय स्तर की SBI लाइफ स्पेल बी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए सेकंड रनर-अप का खिताब अपने नाम किया. जैस्मिन जोनवाल को 25000 हजार रुपए का प्राइज दिया गया. जैस्मीन जोनवाल पुत्री राकेश जोनवाल रघुनाथ पुरी सांगानेर जयपुर की रहने वाली है. प्रतियोगिता में अविक अग्रवाल ने स्पेल मास्टर ऑफ इंडिया का खिताब जीता.
मुंबई में आयोजित ग्रैंड फिनाले में जैस्मिन ने आत्मविश्वास और सटीक वर्तनी कौशल का बेहतरीन प्रदर्शन किया. इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर के करीब 300 स्कूलों के 1.25 लाख छात्रों ने भाग लिया था, जिनमें से चुनिंदा प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय मंच तक अपनी जगह बनाई.
कड़े मुकाबले के बीच जैस्मिन ने निरंतर उत्कृष्टता दिखाते हुए अंतिम दौर तक पहुंचकर शहर और स्कूल का नाम रोशन किया. ग्रैंड फिनाले के दौरान जैस्मिन की एकाग्रता, शब्दों की गहरी समझ और मंच पर आत्मविश्वास ने निर्णायकों और दर्शकों को प्रभावित किया. जैस्मिन की इस उपलब्धि पर परिवार, शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.