नहीं रहे वीणा कैसेट के केसी मालू, राजस्थानी लोक और भक्ति संगीत के सच्चे संरक्षक थे केसी मालू

नहीं रहे वीणा कैसेट के केसी मालू, राजस्थानी लोक और भक्ति संगीत के सच्चे संरक्षक थे केसी मालू

जयपुर: संगीत की एक सशक्त धुन थम गई ! वीणा कैसेट के केसी मालू नहीं रहे. केसी मालू राजस्थानी लोक और भक्ति संगीत के सच्चे संरक्षक थे. मालू ने असंख्य कलाकारों के सपनों को मंच दिया. वीणा के माध्यम से हर घर तक लोक और भक्ति संगीत पहुंचाने का काम किया. कभी बन्ना-बन्नी के विवाह गीत, कभी पनिहारी की विरह-वेदना, तो कभी मांड का शास्त्रीय माधुर्य, कभी तेजाजी, पाबूजी और रामदेवजी की लोकगाथाएं घर-घर पहुंचाई. 

अशोक गहलोत ने निधन पर जताया शोक:
आपको बता दें कि वीणा कैसेट्स के मालिक और सुर संगम के संस्थापक केसी मालू का निधन हो गया. अशोक गहलोत ने निधन पर शोक जताते हुए कहा कि मेरे पारिवारिक मित्र केसी मालू का आकस्मिक निधन बेहद दुखद है. पिछले सप्ताह ही मेरे आवास पर उनसे मुलाकात और लम्बी बातचीत हुई थी. उन्होंने अपना पूरा जीवन संगीत जगत के लिए समर्पित किया. उनका निधन हम सबके लिए एक बड़ी क्षति है. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें.

केसी मालू के निधन पर की श्रद्धांजलि अर्पित:  
वीणा कैसेट्स के संस्थापक केसी मालू का निधन हो गया. गणगौर टेलीविजन के CEO एवं मैनेजिंग डायरेक्टर पवन अरोड़ा ने गहरा शोक जताया है. केसी मालू के निधन पर गहरी श्रद्धांजलि अर्पित की. पवन अरोड़ा ने कहा कि केसी मालू ने राजस्थानी भाषा, कला, संस्कृति, लोकगीत, लोक संगीत और लोकनृत्य को अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया. मैं इन महामानव के महाप्रयाण पर गहरी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें. साथ ही शोकाकुल परिवारजनों, आत्मीयजनों एवं उनके असंख्य प्रशंसकों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें. केसी मालू का निधन केवल एक परिवार की क्षति नहीं है.बल्कि सम्पूर्ण राजस्थान,राजस्थानी भाषा-संस्कृति जगत की अपूरणीय क्षति है. उनके योगदान को सदैव श्रद्धा और सम्मान के साथ स्मरण किया जाता रहेगा.