'ॐ' प्रिंट वाले बीचवियर को लेकर विवादों में केंडल जेनर, भारतीय यूजर्स ने जताई नाराजगी

अमेरिकी मॉडल और टीवी पर्सनैलिटी केंडल जेनर अपने पहनावे को लेकर विवादों में घिर गई हैं. बहामास में छुट्टियां मनाने पहुंचीं केंडल की कुछ फोटोज सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं, जिनमें वह बिकिनी के ऊपर 'ॐ' प्रिंट वाला सारोंग पहने नजर आ रही हैं.
विस्तार में

इंटरनेट डेस्क: अमेरिकी मॉडल और टीवी पर्सनैलिटी केंडल जेनर अपने पहनावे को लेकर विवादों में घिर गई हैं. बहामास में छुट्टियां मनाने पहुंचीं केंडल की कुछ फोटोज सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं, जिनमें वह बिकिनी के ऊपर 'ॐ' प्रिंट वाला सारोंग पहने नजर आ रही हैं.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इन फोटोज के सामने आने के बाद कई भारतीय सोशल मीडिया यूजर्स ने नाराजगी जताई है. उनका कहना है कि 'ॐ' हिंदू धर्म का पवित्र प्रतीक है और इसका बीचवियर के तौर पर इस्तेमाल करना धार्मिक भावनाओं के प्रति असंवेदनशीलता है.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हालांकि, कुछ यूजर्स ने केंडल का बचाव करते हुए कहा कि संभव है उन्हें इस प्रतीक के धार्मिक महत्व की जानकारी न हो. हिंदू धर्म में 'ॐ' का पूजा-पाठ, मंत्रोच्चार और आध्यात्मिक साधना में विशेष महत्व है. फिलहाल इस विवाद पर केंडल जेनर की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

आपको बता दें कि काइली जेनर ने इंस्टाग्राम पर जो फोटोज साझा कीं, उनमें केंडल एक क्लासिक ब्लैक बिकिनी में नजर आ रही हैं. इस स्विमवियर में डीप नेकलाइन के साथ हॉल्टर-नेक टॉप और मैचिंग स्ट्रिंग बॉटम शामिल है. इसके ऊपर उन्होंने सरसों के पीले रंग का सारोंग लपेटा हुआ है, जिस पर 'ॐ' और 'त्रिशूल' के निशान बने हैं.

लोगों का कहना है कि सेलेब्स को लोगों के धर्मों का सम्मान करना सीखना चाहिए. सोशल मीडिया पर बढ़ते हंगामे और बहस को देखते हुए जेनर ने अपनी उस इंस्टाग्राम पोस्ट का कमेंट सेक्शन बंद कर दिया है, लेकिन क्योंकि ये तस्वीर केंडल ने अपनी इंस्टा स्टोरी पर शेयर की है, और अन्य फैन्स भी इसे अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर री-पोस्ट कर रहे हैं, ऐसे में विवाद अभी थमता नजर नहीं आ रहा है. फिलहाल दोनों ही बहनों की तरफ से इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.