नई दिल्ली : भारत की BRICS अध्यक्षता 2026 के लोगो में कमल को मुख्य आधार बनाया गया है. कमल भारत की राष्ट्रीय पहचान, पवित्रता, दृढ़ता और प्रगति का प्रतीक है. कमल की अलग-अलग रंगों वाली पंखुड़ियां BRICS के सदस्य देशों की विविधता और सामूहिक शक्ति दर्शाती है.
लोगो के रंग BRICS देशों के राष्ट्रीय ध्वजों के रंगों प्रेरित दिखते हैं. ब्राजील के झंडे से हरा और पीला रंग प्रकृति, समृद्धि और ऊर्जा का भाव है. रूस के झंडे से सफेद, नीला और लाल रंग शांति, विश्वास और शक्ति के प्रतीक का रूप है. भारत के रंग केसरिया, सफेद और हरा देश के साहस, शांति और विकास की भावना को दिखाते हैं. चीन का लाल और पीला रंग उसकी राष्ट्रीय पहचान और ऊर्जा का प्रतीक है.
दक्षिण अफ्रीका के बहुरंगी राष्ट्रीय ध्वज की छाप लोगो में विविधता और एकता के संदेश में दिखाई देती है. मिस्र, इथियोपिया, ईरान, यूएई और इंडोनेशिया सहित नए सदस्य देशों की राष्ट्रीय रंग परंपराएं भी BRICS की बहुरंगी पहचान में शामिल है.लोगो के केंद्र में बनी नमस्ते मुद्रा भारत की आत्मीयता, सम्मान, स्वागत और सहयोग की भावना बताती है.
कमल की पंखुड़ियों का एक साथ खिलना बताता है कि अलग-अलग देश मिलकर साझा प्रगति की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं. लोगो की पूरी संरचना का संदेश- विविधता में एकता, सहयोग और साझा विकास है. भारत ने BRICS 2026 लोगो में शक्ति प्रदर्शन के बजाय संवाद, सम्मान और साझेदारी की भारतीय भावना को केंद्र में रखा है.